बसंत उत्सव के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज में बसंत उत्सव के उपलक्ष्य में संगीत (वोकल एवं इंस्ट्रुमेंटल) विभाग द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात गायन विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ मोनिका सोनी ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बसंत ऋतु के सांस्कृतिक एवं रचनात्मक महत्व पर प्रकाश डाला और छात्रों को कला के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शास्त्रीय ऑर्केस्ट्रा, सरस्वती वंदना, भजन, शबद तथा सितार वादन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। तबला संगति में अमन कुमार ने सराहनीय योगदान दिया।

चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने बसंत थीम पर रंगों के माध्यम से अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की । इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका उप-प्राचार्या डॉ. किरण मदान, डॉ. निधान सिंह एवं डॉ. सीमा ने निभाई | प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन श्री विशाल यादव ने किया, जबकि अंत में डॉ. भगवंत कौर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रो. खुशबू, डॉ. नेहा पुनिया एवं प्रो नीतू भी उपस्थित रहे ।

Comments