पानीपत पुलिस का साइबर क्राइम जागरूकता अभियान लगातार जारी.
-रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साइबर क्राइम व इसके बचाव के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया
-सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचें
BOL PANIPAT : 16 अक्तूबर 2023, हरियाणा पुलिस द्वारा आमजन को साइबर क्राइम से बचाने व जागरूक करने के लिए अक्तूबर माह को साइबर क्राइम जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। पानीपत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की टीमें प्रतिदिन अलग अलग स्थान पर लोगों को जानकारी देकर जागरूक कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साइबर अपराध व इसके बचाव के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया।
आधुनिकता के युग में आज हर क्षेत्र का डिजिटलीकरण हो गया है। जिससे आमजन को जहां इसका बहुत लाभ हुआ है, वहीं आपराधिक किस्म के लोग इसमें सेंध लगाकर साइबर क्राइम कर आमजन के साथ रोज नित नए तरीके अपनाकर फ्रॉड कर रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए हम सबको मिलकर सांझा प्रयास करने होंगे।
साइबर विशेषज्ञ पी/एसआई अजय ने यात्रियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी एप्लिकेशन जैसे क्विक सपोर्ट, एनी डेस्क टीम व्यूवर को इन्स्टॉल ना करें। इससे फोन या कंप्यूटर हैक हो सकता है। अनजान नंबर से आए लिंक पर कभी क्लिक ना करें, रजिस्ट्रेशन अथवा अकाउंट टेस्ट करने के नाम से 10 रुपए की राशि ट्रांसफर कर दीजिए, इस तरह की बातें साइबर ठग करते हैं। अनजान नंबर की वीडियो कॉल ना उठाएं, फोन उठाते ही आप सेक्सटोर्शन ब्लैक मेलिंग के शिकार हो सकते हैं। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचें।
साइबर ठगों द्वारा क्यूयार कोड स्कैन भेजकर रुपए देने की बात कही जाती है, जबकि इससे पेमेंट आपके खाते से कटकर कोड वाले खाते में चली जाएगी। गूगल पर कस्टमर केयर पर नंबर सर्च करते वक्त सावधानी बरतें, कस्टमर केयर नंबर के लिए हमेशा संबंधित कंपनी की वेबसाइट पर ही जाएं। ओएलएक्स जैसी वेबसाइट पर आर्मी मैन, सीआरपीएफ, बीएसएफ फोर्स से जुड़ा हुआ व्यक्ति बताकर लोग सामान बेचने की बात कहकर ठगी करते हैं।
किसी भी तरह के साइबर फ्रॉड से पीड़ित होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दें। इसके अलावा साइबर क्राइम थाना या नजदीक पुलिस स्टेशन में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है।

Comments