Friday, July 31, 2026
Newspaper and Magzine


पानीपत को मिलेगा ट्रैफिक जाम से स्थायी समाधान : कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at December 24, 2025 Tags: , , , , , , ,

52 करोड़ से बनेगा रेलवे ओवर ब्रिज. 2 वर्ष में होगा तैयार.

पुल के साथ स्थापित होगी भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की बड़ी प्रतिमा

औद्योगिक क्षेत्र में रेलवे ओवर ब्रिज का भूमि पूजन.विकास को नई ऊंचाई देगा यह प्रोजेक्ट

BOL PANIPAT , 24 दिसंबर। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी मामले के मंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को पानीपत के औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज के भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे ओवर ब्रिज पानीपत शहर की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। इस पुल के निर्माण के बाद यातायात का दबाव काफी हद तक कम होगा और शहर को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में पहुंचने पर उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. पंकज और एसडीएम मनदीप ने केंद्रीय मंत्री को बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि लगभग 52 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह रेलवे ओवर ब्रिज दो वर्षों में पूर्ण होने की उम्मीद है। यह पुल आधुनिक तकनीक पर आधारित होगा और सिंगल पिलर पर खड़ा किया जाएगा, जिससे यह न केवल मजबूत बल्कि यातायात के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उन्होंने घोषणा की कि इस रेलवे ओवर ब्रिज का नाम भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही पुल परिसर में अटल बिहारी वाजपेई की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा,पिछले दस वर्षों में प्रदेश में विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। यह रेलवे ओवर ब्रिज केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि पानीपत के समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत कदम है। इसके बनने से अंबाला और जींद लाइन की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और लोग महज तीन मिनट में जीटी रोड तक पहुंच सकेंगे। वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई गति पकड़ रहा है और यह प्रोजेक्ट उसी सोच का परिणाम है।”
इस मौके पर शहरी विधायक प्रमोद विज ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शहर में पिछले पांच वर्षों में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति दी गई है और केंद्रीय मंत्री के मार्गदर्शन में लगातार नई परियोजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं।
विधायक प्रमोद विज ने कहा,
“पानीपत शहर को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र में सभागार, फायर स्टेशन, इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है और आधुनिक स्कूलों का निर्माण भी हमारी प्राथमिकता में शामिल है। इसके अलावा महिला कॉलेज, वूमेन हॉस्टल और वृद्ध आश्रम का निर्माण भी प्रस्तावित है। मेरा पूरा ध्यान शहर के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है।”
कार्यक्रम में मेयर कोमल सैनी, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, मनोहर लाल के प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया, अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज , एसडीएम मनदीप, डीएसपी सतीश,राजबीर,शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा, राहुल विज, चांद भाटिया, अवनीत कौर, रंजीता कौशिक, संदीप जिंदल, पार्षद नेहा शर्मा, लोकेंद्र नागरू अनिल मदान, नवल जिंदल, रॉकी गहलोत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments