Tuesday, September 15, 2026
Newspaper and Magzine


अशरफ की पीटकर हत्या करने के दो आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 15, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 15 सितंबर : थाना तहसील कैंप पुलिस ने धमीजा कॉलोनी में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए जावा कॉलोनी निवासी अशरफ की दिल्ली एम्स में उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में सोमवार शाम दो आरोपियों को भैंसवाल मोड़ ड्रेन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान ईसान उर्फ अहसान व सनाउला उर्फ ओसामा निवासी धमीजा कॉलोनी के रूप में हुई है।

थाना तहसील कैंप प्रभारी सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।

प्रभारी सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया थाना तहसील कैंप में जावा कॉलोनी, नूरवाला निवासी आसिफ पुत्र असलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 6 सितंबर को अपनी पत्नी तरनुम को लेने धमीजा कॉलोनी स्थित उसके घर गया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। उसके साढ़ू उमर ने फोन कर उसे वहां बुलाया था। आसिफ के पहुंचने पर ओसामा, अहसान, सोनू, कलीम व उमर पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
आसिफ ने अपने दोस्त दीपक की मदद से आरोपियों से छुड़ने के बाद अपने भाई अशरफ को मौके पर बुलाया। अशरफ और उनकी बहन अफसाना के पहुंचने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ दोबारा मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों ने ईंटों से भी हमला किया, जिसमें ईंट अशरफ के सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उपचार के लिए उसे पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
थाना तहसील कैंप में आसिफ की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। उपचार के दौरान अशरफ की दिल्ली एम्स में मौत हो गई। इसके बाद मामले में हत्या की धारा इजाद कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।

Comments


Leave a Reply