Monday, November 2, 2026
Newspaper and Magzine


नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र का निधन प्रशासनिक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 2, 2026 Tags: , , , ,

ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निभाई जिम्मेदारी, शोक सभा में अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

BOL PANIPAT , 2 नवंबर। नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र के आकस्मिक निधन पर सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

    इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नायब तहसीलदार कैलाश चंद्र का आकस्मिक निधन प्रशासनिक परिवार के लिए अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान जिस ईमानदारी, निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका निधन केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

उपायुक्त ने कहा कि जीवन और मृत्यु परमात्मा के विधान के अधीन हैं, लेकिन किसी अपने का अचानक बिछुड़ जाना परिवार और परिचितों के लिए अत्यंत पीड़ादायक होता है। इस दुख की घड़ी में जिला प्रशासन पूरी संवेदना के साथ शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति एवं सद्गति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने का संबल दें। शोक सभा में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत कैलाश चंद्र के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Comments


Leave a Reply