गरीब परिवारों को मिलेगा 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर.
21 नवंबर को वितरित होंगे गरीबों को आयुष्मान कार्ड : उपायुक्त
पानीपत व समालखा में होगा कार्यक्रम आयोजित : उपायुक्त
स्वास्थय विभाग ने की कार्यक्रम की तैयारियां पूरी
BOL PANIPAT , 19 नवंबर, आयुष्मान भारत योजना के तहत 1 लाख 80 हजार वार्षिक आय वाले गरीब परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए जाएंगे। इस योजना के तहत 21 नवम्बर को पानीपत व समालखा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस योजना के तहत पानीपत जिले में लगभग सवा लाख परिवार लाभान्वित होंगे। l इस कार्ड के बनने से गरीब परिवारों के प्रत्येक सदस्य को पांच लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिल जायेगा।
जिला उपायुक्त सुशील साअरवान ने बताया कि इस कार्यक्रम में लोकसभा सांसद संजय भाटिया पानीपत में तथा समालखा में राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार मुख्य अतिथि रहेंगे।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर जिला स्वास्थय विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस योजना को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविरों के माध्यम में पात्र लाभार्थियों को पंजीकृत करने के लिए एएनएम व आयुष्मान मित्रों के सहयोग से कार्य किया जा रहा है। इस दौरान लोगों को इस योजना से मिलने वाले लाभ के बारे में भी विस्तार से बताया गया है।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. मनीष पासी ने बताया कि यह अभियान 100 दिनों तक चलेगा जिसमें लगभग सवा लाख जरूरतमंद परिवारों की परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पहचान की गई है, उन्हें यह सुविधा प्रदान करने का स्वास्थ्य विभाग द्वारा लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विभाग की ओर से भेजा जा रहा पात्र परिवारों को संदेश
उन्होंने बताया कि जिला के जो परिवार इस योजना के पात्र हैं उनको विभाग द्वारा संदेश भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि नए कार्ड बनाने के लिए पात्र लोगों से आवेदन प्राप्त कर विभाग के कर्मचारियों द्वारा नियमानुसार पंजीकरण किया जा रहा है।

Comments