Wednesday, July 22, 2026
Newspaper and Magzine


सरकारी योजनाओं के लिए तय स्थानों पर निजी विज्ञापन नहीं चलेंगे. उल्लंघन पर होगी कानूनी कार्रवाई: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 2, 2026 Tags: , , , , ,

-जनता समाधान शिविर में सख्त प्रशासन, सरकारी विज्ञापन स्थलों पर कब्जा करने वालों को उपायुक्त की चेतावनी

-आमजन की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

-जनता समाधान शिविर बना उम्मीद की किरण: निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय

BOL PANIPAT , 2 फरवरी। हरियाणा के यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन और उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए विश्वास और उम्मीद का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इन्हीं प्रयासों की कड़ी में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने स्वयं शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को स्पष्ट, सख्त व समयबद्ध निर्देश दिए।

    जनता समाधान शिविर के दौरान उपायुक्त डॉ. दहिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रचार- प्रसार के लिए जिन स्थानों को चिन्हित किया गया है, वहां यदि किसी निजी संस्था या व्यक्ति द्वारा विज्ञापन लगाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि सरकारी योजनाएं जनता की भलाई के लिए हैं और उनके प्रचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।  उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि समाधान देने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता है। हर शिकायत का समयबद्ध निस्तारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिविर में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उन पर निश्चित कार्रवाई होगी। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट निर्देश है कि जनता को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें। समाधान शिविर उसी सोच का जीवंत उदाहरण हैं।

  पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। चोरी, कानून व्यवस्था, सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ त्वरित जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन की सुरक्षा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

  निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि नगर निगम से जुड़ी समस्याएं चाहे वो पानी, सफाई या अन्य मूलभूत सुविधाएं से संबंधित हों उनके समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। शिविर में प्राप्त हर शिकायत का निस्तारण तय समय सीमा में किया जाएगा, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।

  सोमवार को जनता समाधान शिविर में कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें फैमिली आईडी में आय संशोधन, पेंशन, राशन कार्ड, फार्मर आईडी तथा पुलिस विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे। शिविर में एक प्रार्थी रंजना ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। उन्होंने बताया की राशन कार्ड के अभाव में किस प्रकार से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    प्रार्थी रविंदर ने अपनी शिकायत में फैमिली आईडी से मीटर हटवाने का अनुरोध प्रशासन से किया। एक अन्य शिकायतकर्ता पवन ने फार्मर आईडी बनाने के लिए अनुरोध किया। शिकायत कर्ता यशपाल ने कुछ लोगों द्वारा सरकारी संपत्ति के दुरूपयोग और अनाधिकृत रूप से उन पर विज्ञापन लगाने का आरोप लगाते हुए उसके दुरुपयोग पर कार्रवाई की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। इस मौके पर डीएचओ संदीप, डीएसपी सतीश वत्स, डिप्टी सीएमओ दिव्या साहनी, एसडीओ राजेश भारद्वाज, एसडीओ सुबेसिंह, बाल विकास अधिकारी रितु राठी, प्रशिक्षक सुषमा, पुलिस कंप्लेंड अधिकारी सुरेश, महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर जनता समाधान शिविर प्रशासन की जवाब देही, पारदर्शिता और सुशासन की सोच को ज़मीनी स्तर पर साकार करता नजर आया।

Comments