Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता: सीईओ डॉ किरण

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 22, 2026 Tags: , , , , ,

-जिले के खंडों में सुजल ग्राम संवाद का आयोजन

BOL PANIPAT , 22 मार्च।“जल जीवन मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन में बदलाव का संकल्प है। हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” यह बात जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने रविवार को आयोजित सुजल ग्राम संवाद कार्यक्रम के दौरान कही।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित यह सुजल ग्राम संवाद कार्यक्रम का पांचवां संस्करण था, जिसे ऑनलाइन माध्यम से जिले के विभिन्न खंडों की चयनित पंचायतों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूक करना रहा।
इस कार्यक्रम का आयोजन खंड पानीपत के काबड़ी व शिमला मौलाना, खंड मडलौडा के मडलौडा व मोहिदिनपुर थीराना, इसराना के पुथर व कैथ, खंड समालखा के पावटी व जौरासी खालसा तथा खंड बापोली के बेहरामपुर व जलमाना गांवों में किया गया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने शिमला मौलाना गांव से कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान संबंधित पंचायतों के सरपंच, ग्राम सचिव एवं अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान जल जीवन मिशन की प्रगति, क्रियान्वयन की स्थिति और जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण, पानी के सही उपयोग और पाइपलाइन की देखरेख के प्रति जागरूक किया गया।
सीईओ ने पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे जनभागीदारी को बढ़ाते हुए इस मिशन को सफल बनाएं और गांव-गांव में स्वच्छ जल उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
विदित रहे कि
सुजल ग्राम संवाद के माध्यम से जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का संदेश दिया।

Comments