आईपीआरईयू की भूख हड़ताल पर पीआरपीसी प्रबंधन का पक्ष
BOL PANIPAT , 20 जुलाई 2026: आईपीआरईयू (IPREU) ने 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे पीआरपीसी टाउनशिप के गेट संख्या-2 के सामने भूख हड़ताल शुरू की। इसी दिन यूनियन द्वारा दिए गए हड़ताल नोटिस के संबंध में सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), करनाल [ALC(C)] के कार्यालय में सुलह बैठक भी आयोजित की गई। हालांकि, यह मामला वर्तमान में सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), करनाल के समक्ष विचाराधीन है, इसलिए प्रबंधन का मानना है कि सुलह एवं वार्ता की प्रक्रिया जारी रहने के दौरान भूख हड़ताल करना उचित नहीं है।
यूनियन द्वारा उठाई गई मांगें केवल आंतरिक व्यवस्था का हिस्सा थीं तथा औद्योगिक विवाद अधिनियम के अंतर्गत किसी समझौते का हिस्सा नहीं थीं। यूनियन द्वारा उठाए गए अधिकांश मुद्दों और मांगों पर गहन चर्चा की गई है और मांगों पर स्थानीय प्रबंधन द्वारा सकारात्मक चर्चा की जा रही है और समाधान की दिशा में अग्रसर है। पीआरपीसी प्रबंधन यूनियन के साथ नियमित संवाद एवं बैठकों के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहा है और मामले का शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मामले में, सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय), करनाल के समक्ष, अगली संयुक्त बैठक 31 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे निर्धारित की गई है।
रिफाइनरी प्रबंधन द्वारा भूख हड़ताल पर बैठे प्रतिनिधियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रत्येक 3–4 घंटे के अंतराल पर उनके आवश्यक स्वास्थ्य मानकों (वाइटल्स) की जांच की जा रही है तथा प्रत्येक 24 घंटे में रक्त परीक्षण (ब्लड टेस्ट) कराया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सकीय जांच भी की जा रही है। मौके पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है तथा रिफाइनरी अस्पताल के चिकित्सक नियमित रूप से उनकी स्वास्थ्य रिपोर्टों की समीक्षा कर रहे हैं।

Comments