पीआरपीसी ने 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया.
BOL PANIPAT : 21 जून, 2023 : स्वास्थ्य, सद्भाव एवं शांति को बढ़ावा देने और आपसी भाईचारे को और मजबूत करने के लिए पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने आज 21 जून, 2023 को सुबह 06:00 बजे 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को वर्ष-2023 के विषय “वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग” पर मनाया। इस अवसर पर आज सुबह रिफाइनरी की मिनी स्मार्ट सिटि के सामुदायिक केंद्र में बड़ी संख्या में पीआरपीसी के कर्मचारीगण एवं अधिकारीगण अपने परिवार के सदस्यों के साथ योग करने हेतु एकत्रित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी द्वारा मुख्य-महाप्रबंधकगण , महाप्रबंधकगण व कर्मचारी संघ एवं अधिकारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण की गरिमामय उपस्थिति में सभी को योग प्रतिज्ञा दिलवाने के साथ हुई। इस अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त योग शिक्षक डॉ. दर्शन योगी एवं डॉ. सुमन योगी के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न योग आसन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया तथा योग के करने से होने वाले लाभों को भी बताया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए डहरिया ने महत्वपूर्ण रूप से उल्लेख किया कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन में 21 जून को वर्ष का सबसे लंबा दिन होने के कारण अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने हेतु सुझाव दिया। उनके सुझाव को मानते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2015 से 21 जून को दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए निर्धारित किया। उन्होंने आगे कहा कि योग हमें शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से मजबूत बनाता है इसलिए हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए तथा दूसरों को योग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग आत्म-साक्षात्कार करने के लिए भी है।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस वर्ष का विषय “वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग” लोगों को धार्मिक, क्षेत्रीय तथा सामाजिक व आर्थिक मतभेदों के बावजूद एक साथ आने और स्वयं को एक बड़े परिवार के हिस्से के रूप में महसूस करने के लिए प्रोत्साहित करता है। हमारे महान राष्ट्र भारत ने सदियों से दुनिया भर में इस भावना को हमेशा से प्रोत्साहित किया है। इस वर्ष के विषय पर आयोजित कार्यक्रम अपने उद्देश्य में पूरी तरह से सफल रहा।
इसके अलावा, पीआरपीसी परियोजना स्थल पर ठेका मजदूरों के लिए भी एक योग शिविर आयोजित किया गया। इस योग शिविर में ईएसआई, पानीपत के सहयोग से मुफ्त स्वास्थ्य जांच केंद्र लगवाया गया जिसमें मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया। इस कार्यक्रम में 200 से अधिक ठेका मजदूरों, उनकी कंपनियों के प्रतिनिधियों और पीआरपीसी परियोजना अधिकारियों ने भाग लिया।

Comments