Saturday, June 6, 2026
Newspaper and Magzine


परीक्षा की शुचिता हमारे लिए सर्वोपरि: उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 25, 2026 Tags: , , , , , ,

सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

नकल पर सर्जिकल स्ट्राइक: उपायुक्त और एसपी की संयुक्त कार्रवाई से सख्त संदेश

परीक्षा की पवित्रता पर पहरा: 72 केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी

धारा 163 लागू, हर सेंटर पर पुलिस तैनात नकल पर जीरो टॉलरेंस

औचक निरीक्षण से मचा हडक़ंप, पारदर्शी परीक्षा के लिए प्रशासन दृढ़

BOL PANIPAT , 25 फरवरी। हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं को नकल मुक्त और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती और बढ़ा दी है।

  उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि जिले में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू कर दी गई है, जिससे अवांछित भीड़ और बाहरी हस्तक्षेप पर रोक लगाई जा सके।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने कड़े शब्दों में कहा कि परीक्षा की शुचिता हमारे लिए सर्वोपरि है। यदि किसी भी केंद्र पर नकल या अनुशासनहीनता की घटना सामने आई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेहनती विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उडऩदस्तों को सक्रिय रखा गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। उन्होंने कहा, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित गश्त की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाहों पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

    उपायुक्त डॉ. दहिया ने समीक्षा के बाद जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यवेक्षकों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित हो तथा परीक्षा सामग्री की गोपनीयता हर हाल में बनी रहे। केंद्र अधीक्षकों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भी प्रशासन के इस सख्त रुख की सराहना की है।


उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्थापित बोर्ड परीक्षा केंद्र का विस्तृत और गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में जाकर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली, ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की सतर्कता का बारीकी से निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने केंद्र अधीक्षक से परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में नकल की संभावना नहीं रहनी चाहिए। परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर पहचान पत्रों की सघन जांच, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध और परीक्षा कक्षों के आसपास अनावश्यक आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए।

    उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि निरीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और अन्य केंद्रों पर भी औचक दौरे किए जाएंगे। वहीं पुलिस अधीक्षक ने केंद्र के आसपास तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि परीक्षा अवधि के दौरान पूरी मुस्तैदी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करें।
प्रशासन के इस कड़े निरीक्षण से स्पष्ट संकेत गया है कि इस बार परीक्षा केंद्रों पर नकल की किसी भी कोशिश को सख्ती से कुचला जाएगा और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Comments