Sunday, August 23, 2026
Newspaper and Magzine


विश्वसनीय आंकड़ों से बनेगी जनहित की प्रभावी योजनाएं, सर्वेक्षण को गंभीरता से लें नागरिक : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 23, 2026 Tags: , , , ,

जनता से मिली सही जानकारी से बनेगी बेहतर योजनाओं की रूपरेखा, नागरिक करें सर्वेक्षण में सहयोग

सही आंकड़े देंगे विकास को नई दिशा, ज़िले में राष्ट्रीय घरेलू आय से लेकर किसान परिवारों की स्थिति तक का होगा सर्वेक्षण

योजनाओं की मजबूत नींव बनेंगे जमीनी आंकड़े, उपायुक्त ने सर्वेक्षण टीमों को सहयोग देने की नागरिकों से की अपील

हर परिवार की जानकारी से तैयार होगी विकास की तस्वीर, जिले में अगस्त माह में होंगे पांच प्रमुख सर्वेक्षण

BOL PANIPAT , 23 अगस्त। जिले में बेहतर योजना निर्माण, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने के लिए राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से अगस्त माह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिलेवासियों से इन सर्वेक्षणों में पूरी गंभीरता और सहयोग के साथ भाग लेने तथा सर्वेक्षण टीमों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की है।
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता के लिए सही आंकड़े सबसे महत्वपूर्ण आधार होते हैं। सरकार द्वारा लोगों की वास्तविक आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति, रोजगार, आय, ऋण, निवेश, कृषि और उद्यमों से संबंधित जानकारी के आधार पर भविष्य की योजनाएं तैयार की जाती हैं। ऐसे में सर्वेक्षण के दौरान दी गई सही जानकारी का सीधा लाभ व्यापक स्तर पर नीति निर्माण और विकास योजनाओं को मिलता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा एकत्र किए जाने वाले आंकड़े केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। सर्वेक्षण में भाग लेने वाले परिवारों एवं प्रतिष्ठानों की व्यक्तिगत पहचान को गोपनीय रखा जाता है। इसलिए नागरिक बिना किसी संकोच के सर्वेक्षण टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त डॉ हरीश ने बताया कि
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के क्षेत्र संकार्य प्रभाग की ओर से जिले में अगस्त 2026 के दौरान पांच प्रमुख सर्वेक्षण किए जा रहे हैं। इनमें राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, ऋण एवं निवेश तथा कृषक परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण तथा प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण शामिल हैं।
उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के तहत उत्तम नगर, वार्ड-20, किला रोड, निजामपुर, राक्सेड़ा और नारायणा को चयनित किया गया है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के लिए असंध रोड, भम्मा चौक, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, अत्तौलापुर, कवी, इसराना और समालखा क्षेत्र चयनित हैं।
इसी प्रकार ऋण एवं निवेश तथा कृषक परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण के लिए काबड़ी रोड, इसराना, बांध और कुराड़ क्षेत्र को चुना गया है। असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण संजय चौक में तथा प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण सेक्टर-25 और दीवाना क्षेत्र में किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी अधिक प्रभावी ढंग से बनाई जा सकती हैं, जब उनके पीछे वास्तविक और विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध हों। परिवारों की आय, रोजगार की स्थिति, ऋण एवं निवेश, कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति और प्रवासन से संबंधित जानकारी भविष्य की नीतियों को अधिक व्यावहारिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सर्वेक्षण के दौरान सही, पूर्ण और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा सर्वेक्षण कर्मचारियों को आवश्यक सहयोग दें।
गौरतलब है कि नागरिकों की सहभागिता से तैयार होने वाले विश्वसनीय आंकड़े जिला के स्तर पर बेहतर योजना निर्माण एवं विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Comments


Leave a Reply