राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देती है ‘रन फॉर यूनिटी’ : विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार
पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल को दी श्रद्धांजलि, एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मंत्री ने प्रतिभागियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, युवाओं से राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का किया आह्वान
BOL PANIPAT , 31 अक्टूबर। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और मजबूत भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव मजबूत की। सरदार पटेल के विचार और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार शनिवार को पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया तथा हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं नागरिकों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘रन फॉर यूनिटी’ अभियान आज देश की एकता, अनुशासन, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रतीक बन चुका है। यह दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि देशवासियों को एकजुट होकर राष्ट्र की मजबूती के लिए कार्य करने का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को वैश्विक पहचान मिली है। गुजरात के केवड़िया में स्थापित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ इसका भव्य उदाहरण है, जो विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में भारत की एकता, सामर्थ्य और गौरव का प्रतीक है।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रमों में युवाओं, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा का प्रत्येक नागरिक राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति संकल्पबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को एकता के सूत्र में बांधा। आज हम सभी का दायित्व है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।
कृष्ण लाल पंवार ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी एकजुट रहें तथा अनुशासन, सेवा, समर्पण और भाईचारे के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि सरदार पटेल के एकजुट सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को बनाए रखने के लिए हम सबको सामूहिक संकल्प की जिम्मेदारी लेनी होगी। राष्ट्र निर्माण में उन द्वारा दिया गया योगदान अतुलनीय है।
इस अवसर पर मंत्री ने उपस्थित सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस एवं हरियाणा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला उपायुक्त डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंत्री पंवार का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट टीनू पोसवाल, डीएसपी सुरेश सैनी, डीएसपी विकास कुमार, डीएसओ सत्यवीर सिंह,डीटीओ नीरज जिंदल भी उपस्थित रहे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार और उपायुक्त डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने भी बच्चों के साथ दौड़ में भाग लिया।

Comments