Monday, August 24, 2026
Newspaper and Magzine


सुरक्षित सडक़ें, बेहतर यातायात बनेंगे शहर के विकास की पहचान: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 24, 2026 Tags: , , , , ,

सडक़ सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए पुलिस का सख्त एक्शन: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

शहर की प्रगति के साथ सडक़ सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

यातायात व्यवस्था मजबूत बनाने पर प्रशासन का फोकस,

वाहन चालकों ने भी प्रशासन के समक्ष रखी रोड की स्थिति, प्रशासन ने दिया मजबूत आश्वासन

BOL PANIPAT , 24 अगस्त। जिला सडक़ सुरक्षा समिति एवं सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की महत्वपूर्ण बैठक जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सडक़ एवं ड्रेन की मरम्मत, स्ट्रीट लाइटिंग, स्पीड ब्रेकर, फ्लाईओवर, एनएच-44 तथा शहर के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि पानीपत तेजी से विकसित हो रहा है और शहर की प्रगति के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक यातायात व्यवस्था उपलब्ध करवाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सडक़ सुरक्षा केवल दुर्घटनाओं को रोकने तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह शहर के समग्र विकास, बेहतर यातायात प्रबंधन और नागरिकों की सुविधा से सीधे जुड़ा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ सुरक्षा से संबंधित कार्यों को कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए धरातल पर प्रभावी परिणाम दिखाई देने चाहिए।

उन्होंने पिछली बैठक के निर्णयों की समीक्षा करते हुए सडक़ दुर्घटनाओं के कारणों पर विस्तार से चर्चा की। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान किया जाए। देशराज कॉलोनी में स्पीड ब्रेकर, अनाज मंडी के आसपास स्पीड लिमिट साइन बोर्ड, नायक कॉलोनी, हरि बस्ती और इसराना में स्ट्रीट लाइटिंग, क्षतिग्रस्त ग्रिलों की मरम्मत तथा विभिन्न स्थानों पर स्पीड ब्रेकर की मरम्मत एवं निर्माण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    उपायुक्त ने कहा कि शहर की सडक़ों को सुरक्षित बनाने के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, फुटपाथ, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने सडक़ों पर बने गड्ढों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करवाने के निर्देश दिए। बैठक में निजी एवं सरकारी वाहनों द्वारा निर्धारित स्थानों के बजाय सडक़ पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को ऐसे स्थानों को चिन्हित कर निर्धारित स्टॉपेज तय करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। एनएच-44 के चौड़ीकरण, पानीपत फ्लाईओवर पर आरसीसी बैरियर लगाने, ड्रेन को कवर करने, सडक़ चौड़ीकरण के दौरान उचित बैरिकेडिंग, पैदल यात्रियों के लिए गार्ड रेल तथा शहर के प्रमुख मार्गों पर नॉइस बैरियर लगाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

    अधिकारियों ने बताया कि फ्लाईओवर पर आरसीसी बैरियर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है और सितंबर में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में खादी आश्रम से ड्रेन नंबर-1 तक ड्रेन लाइन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि इसकी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं ड्रेन नंबर-1 से संजय चौक तक ड्रेन को मुख्य ड्रेन से जोडऩे के कार्य की प्रगति से भी उपायुक्त को अवगत कराया गया।

  उपायुक्त ने मानसरोवर शोरूम के सामने चंडीगढ़ दिशा में सर्विस लेन के लिए डाउन कट खोलने तथा जेल अंडरपास से पहले दिल्ली दिशा में फ्लाईओवर के लिए अप कट और अंडरपास के बाद चंडीगढ़ दिशा में डाउन कट खोलने के प्रस्तावों पर भी अधिकारियों से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सडक़ सुरक्षा के लिए यातायात नियमों की पालना और कानून व्यवस्था को मजबूत रखना दोनों आवश्यक हैं। पुलिस विभाग दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी बढ़ाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, निर्धारित स्थानों के बजाय सडक़ पर सवारियों को उतारना-चढ़ाना तथा यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण बनते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सडक़ सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य करेगा।

बैठक में आयुष्मान योजना के तहत सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को कैशलेस उपचार की सुविधा, हिट एंड रन मोटर दुर्घटना मुआवजा दावों, सीसीटीवी सर्विलांस एवं ट्रैफिक एनफोर्समेंट कैमरों की स्थापना, रेलवे अंडरपास, मिनी बाईपास, विभिन्न स्थानों पर कट खोलने तथा बरसात से पहले सडक़ों की मरम्मत सहित अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

    बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ विजय मलिक, आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल, आर ओ भूपेंद्र चहल, राहगीरी संयोजक एडवोकेट संदीप जिंदल, जगदीश धमीजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply