Wednesday, April 22, 2026
Newspaper and Magzine


विद्यार्थियों के लिए ‘सेल्स स्ट्रेटेजी कॉन्क्लेव’  प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at March 7, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के तत्वावधान में एम.कॉम. अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ‘सेल्स स्ट्रेटेजी कॉन्क्लेव’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कॉन्क्लेव का आयोजन प्रो. रूहानी शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीन एवं प्रभावी विक्रय रणनीतियों का निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण करने का अवसर प्रदान करना था, ताकि वे प्रबंधन की अवधारणाओं को वास्तविक व्यावसायिक परिस्थितियों में लागू कर सकें। कॉन्क्लेव के माध्यम से विद्यार्थियों को सेल्स मैनेजमेंट के विभिन्न आयामों—जैसे विक्रय योजना निर्माण, लक्ष्य निर्धारण, ग्राहक प्रबंधन, विपणन समन्वय, टीम लीडरशिप तथा प्रदर्शन मूल्यांकन—की गहन समझ विकसित करने का अवसर मिला। गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभावी बिक्री प्रबंधन की रणनीतियों, बाजार विश्लेषण की प्रक्रिया, राजस्व वृद्धि के उपायों तथा ग्राहक संतुष्टि बनाए रखने के तरीकों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण, तार्किकता और व्यावसायिक परिपक्वता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस प्रतियोगिता में  10 प्रतिभागियों ने भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक एवं प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवहारिक दक्षता, प्रभावी संप्रेषण कौशल और नेतृत्व क्षमता भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, टीम भावना और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन उन्हें भविष्य में उत्कृष्ट प्रबंधक बनने की दिशा में सशक्त आधार प्रदान करेंगे। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेल्स मैनेजमेंट केवल उत्पाद की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की संपूर्ण विकास प्रक्रिया से जुड़ा हुआ क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, नवाचार और आत्म विकास की दिशा में अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। कक्षा की मेंटर रूहानी शर्मा ने कहा कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे विक्रय प्रबंधन की सैद्धांतिक अवधारणाओं को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्साह, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए बताया गया कि लावण्या को प्रथम पुरस्कार, मुस्कान को द्वितीय पुरस्कार, रितिका एवं अंजलि राणा को तृतीय पुरस्कार तथा टीना को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस कॉन्क्लेव ने विद्यार्थियों के ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और व्यावसायिक दृष्टिकोण को नई दिशा प्रदान की।

Comments