भारत सरकार द्वारा एसडी पीजी कॉलेज पानीपत को मिला पानीपत और सोनीपत जिलों के लिए विकसित भारत युवा संसद 2025 को आयोजित करने का दायित्व
-सोनीपत और पानीपत जिले का 18 से 25 वर्ष आयु का कोई भी युवा इसमें ले सकता है हिस्सा
-विकसित भारत युवा संसद भारत के उज्जवल भविष्य के लिए युवाओं को संगठित और सशक्त करेगा: डॉ अनुपम अरोड़ा
BOL PANIPAT , 04 मार्च. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत को राष्ट्रीय सेवा योजना और नेहरु युवा केंद्र भारत सरकार द्वारा प्रायोजित विकसित भारत युवा संसद 2025 को आयोजित करने का गौरवपूर्ण दायित्व मिला है । यह जानकारी प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी । उनके साथ डॉ नवीन गोयल, प्रो प्रवीण खेरडे. डॉ संतोष कुमारी और डॉ राकेश गर्ग मौजूद रहे । इस संसद का आयोजन देश भर के 256 जिलों में होगा और हरियाणा में इसका 8 जिलों में आयोजन होगा जिसमें से पानीपत और सोनीपत जिलों की जिम्मेदारी सनातन धर्म कॉलेज को मिली है । जिला स्तरीय युवा संसद 2025 का थीम ‘एक राष्ट्र एक चुनाव विकसित भारत के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा’ है । युवा संसद में पानीपत और सोनीपत जिले 18 से 25 वर्ष की आयु का कोई भी प्रतिभागी भाग ले सकता है । इच्छुक प्रतिभागियों को आधिकारिक वेबसाइट https://mybharat.gov.in पर या या क्यूआर कोड को स्कैन करके पंजीकरण करना होगा । यह पंजीकरण 27 फरवरी से 9 मार्च तक खुला है । युवा संसद विभिन्न सत्रों में आयोजित होगी जिसमें प्रतिभागी असली संसदीय प्रक्रिया का अनुभव करेंगे । उन्हें चर्चा के लिए विषयों की सूची पहले से प्रदान की जाएगी । प्रतिभागियों को एक निश्चित विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे और अन्य प्रतिभागियों से तर्क-वितर्क करना होगा । सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों का मूल्यांकन एक निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा । प्रतिभागियों को सभ्य भाषा का उपयोग करना होगा और दूसरों के विचारों का सम्मान करना होगा । किसी भी प्रकार के व्यक्तिगत हमले, अनुचित भाषा या अशोभनीय व्यवहार की अनुमति नहीं होगी । सभी प्रतिभागियों को आयोजकों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना होगा । प्रतिभागियों को सामग्री की गुणवत्ता, प्रस्तुति कौशल, तर्क क्षमता और समस्या समाधान कौशल जैसे मापदंडों पर आँका जाएगा । जिला स्तर पर 150 प्रतिभागी चयनित किये जायेंगे जिसके 10 विजेताओं को राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए भेजा जायेगा । फिर राज्य के 3 टॉप विजेता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे । विजेताओं को प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे । किसी भी जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी डॉ राकेश गर्ग से 7015265108 मोबाइल नंबर पर या कॉलेज की वेब साईट www.sdpgcollege.org पर सम्पर्क कर सकता है ।
डॉ अनुपम अरोड़ा ने युवा संसद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत युवा संसद 2025 का आयोजन युवाओं को नीति-निर्माण, शासन और राष्ट्र-निर्माण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है । यह पहल भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने के लिए युवाओं के विचारों और सुझावों को प्रोत्साहित करेगी । इस युवा संसद में शिक्षा सुधार, डिजिटल अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन, पर्यावरणीय स्थिरता, वैश्विक नेतृत्व और अन्य महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषयों पर गहन चर्चा की जाएगी । यह कार्यक्रम युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने, राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और नवाचारपूर्ण समाधान प्रस्तुत करने का अवसर देगा । कार्यक्रम में प्रतिष्ठित नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और शिक्षाविदों का मार्गदर्शन मिलेगा जिससे युवा अपनी आवाज़ को उच्च स्तर तक पहुंचा सकेंगे । विकसित भारत युवा संसद 2025 सरकार की युवा सशक्तिकरण, सहभागी लोकतंत्र और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है । यह युवाओं को शासन और निर्णय-निर्माण प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनने के लिए प्रोत्साहित करता है ।
डॉ राकेश गर्ग ने कहा कि युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और नीति-निर्माण में शामिल करना है । भारत सरकार द्वारा एसडी पीजी कॉलेज पानीपत को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन के लिए अधिकृत किया जाना गौरवपूर्ण पल है जिससे पानीपत और सोनीपत के युवाओं को अपनी नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय विकास में योगदान देने का सुनहरा अवसर मिलेगा । कॉलेज पानीपत और सोनीपत के सभी योग्य युवाओं को इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है ।

Comments