कार चोरी में शामिल दूसरा आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 20 दिसम्बर 2023, थाना किला पुलिस ने कार चोरी में शामिल दूसरे आरोपी को मंगलवार को राजीव कॉलोनी में नाला पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान दीपक निवासी बेगमपुर करनाल के रूप में हुई।
थाना किला प्रभारी सब इंस्पेक्टर महाबीर ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी राहुल निवासी हनुमान कॉलोनी ने अपने साथी आरोपी दीपक निवासी बेगमपुर करनाल के साथ मिलकर कार चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। पूछताछ में आरोपी राहुल ने बताया था कि वह विदेश जाना चाहता था। जिसके लिए उसको पैसों की जरूरत थी। उसने साथी दीपक के साथ मिलकर अपनी बुआ के लड़के बड़ी पहाड़ धारी चौक निवासी निखिल की कार चोरी करने की योजना बनाई। निखिल के घर जाकर पहले उसने कार की चाबी चोरी की। बाद में दोनों ने मिलकर सितम्बर महीने में वीर भवन चुंगी के नजदीक से निखिल की कार चोरी कर ली। दोनों ने कार को हरियाणा व यूपी में विभिन्न शहरों ने बेचने का प्रयास किया कोई खरीददार नही मिला तो दोनों ने कार को करनाल के सेक्टर 6 में लावारिस हालत में खड़ा कर दिया था।
सब इंस्पेक्टर महाबीर ने बताया कि कार चोरी की वारदात बारे थाना किला में निखिल पुत्र मनोज निवासी बड़ी पहाड़ धारी चौक की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम द्वारा कार को पहले ही करनाल के सेक्टर 6 से बरामद किया जा चुका है। पूछताछ में बाद पुलिस ने आरोपी राहुल को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया था।
थाना किला पुलिस टीम ने फरार आरोपी दीपक को मंगलवार देर शाम गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने साथी आरोपी राहुल के साथ मिलकर कार चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने पूछताछ के बाद मंगलवार को आरोपी दीपक को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments