अमेरिका भेजने का झांसा दे 54 लाख 75 हजार की ठगी करने वाले गिरोह का दूसरा आरोपी कलकता से गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 08 अक्तूबर 2023, गांव अहर निवासी दो भाईयों को अमेरिका भेजने का झांसा दे 54 लाख 75 हजार रूपए की ठगी करने वाले गिरोह के दूसरे आरोपी बिकाश चंद्र हैल्दर निवासी अनीशमाली गगनपुर नादिया वेस्ट बंगाल को थाना मतलौडा की उरलाना चौकी पुलिस ने कलकता से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के रागदारी रिमांड पर लाते हुए गहनता से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार अपने साथी आरोपी बंटी निवासी शेखपुरा करनाल व मामले में नामजद गिरोह के साथी आरोपियों के साथ मिलकर अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
थाना मतलौडा प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया की ठगी गई राशि में उसके हिस्से में 9 लाख रूपए आए थे। उसने 8 लाख 30 हजार रूपए पीड़ित धर्मबीर के खाते में ट्रांसफर कर दिए थे व बचे 70 हजार रूपए खाने पीने में खर्च कर दिए। पूछताछ के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी बिकाश चंद्र हैल्दर को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
थाना मतलौडा प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि थाना मतलौडा की उरलाना चौकी पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी बंटी निवासी शेखपुरा करनाल को बीते जून महीने में गिरफ्तार किया था। आरोपी ने पूछताछ में अपने भाई राहुल व बिकाश चंद्र हैल्दर निवासी अनीशमाली गगनपुर नादिया वेस्ट बंगाल व मामले में नामजद गिरोह के साथी आरोपियों के साथ मिलकर ठगी की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था। ठगी गई राशि में से आरोपी बंटी के हिस्से में एक लाख रूपए आए थे। जिसमें से कुछ पैसे उसने खाने पीने में खर्च कर दिए थे। पुलिस ने आरोपी बंटी के कब्जे से बचे 45 हजार रूपए बरामद कर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजने के बाद आरोपी बिकाश चंद्र हैल्दर की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
थाना मतलौडा प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि गांव अहर निवासी धर्मबीर पुत्र रामकुमार ने पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर बताया कि उसका छोटा भाई कर्मवीर 10वी पास है। गांव निवासी बलवान व सोहन पुत्र बलदेव ने गांव शेखपुरा निवासी अपने साथी राहुल पुत्र गुरनाम के साथ मिलकर सितम्बर 2021 में उससे व उसके भाई कर्मवीर से संपर्क किया। तीनों मिलकर कहने लगे कि वह उसके भाई कर्मवीर को अमेरिका में अच्छी नौकरी लगवा देंगे। जिसके लिए 20 लाख रूपए देने होगे। इसके बाद आरोपी राहुल ने गिरोह के सदस्य अपनी पत्नी परमजीत, भाई बंटी, विकास चंद्रा हेल्दर व उसकी पत्नी दिपानविका निवासी अनीसमाली रणघाट पश्चिम बंगाल, चंचल राय पुत्र शंकर निवासी स्वामी विवेकानंद नगर नागपुर महाराष्ट्र, अरिन्दम चौधरी पुत्र अहिंद्रा निवासी गिलापोल अनिसमाली पश्चिम बंगाल व प्रदीप पुत्र सुरेश निवासी डालटन गंज पलामू झारखंड से मिलवाया। सभी आरोपी कहने लगे कि पहले भी उन्होंने काफी लड़को को अमेरिका भेजकर नौकरी दिलवाई है। दोनों भाईयों ने आरोपियों की बातों पर विश्वास कर हां कर दी। 29 सितम्बर 2021 को आरोपी राहुल उनके पास आकर 7 लाख रूपए ले गया। इसके बाद 13 लाख रूपए व दस्तावेज ले गया। 15 अक्तुबर 2021 को भाई कर्मबीर के पास दुबई जाने की टिकट भेजकर आरोपी कहने लगे की डांकी के जरिये अमेरिका भेजा जाएगा। इसके बाद 27 दिसम्बर 2021 को आरोपी अरिन्दम चौधरी ने अपने खाते में 4 लाख 50हजार रूपए और डलवा लिए। इसके पश्चात जनवरी 2022 में आरोपी राहुल फोन कर कहने लगा कि तुम्हारे भाई को अमेरिका पहुंचाने और अच्छी नौकरी दिलवाने के लिए और पैसों की जरूरत है। उसने और पैसे देने से मना किया तो आरोपी राहुल व उसकी पत्नी धमकी देने लगे कि खाता नंबर भेज रहे है। एक सप्ताह में अगर 22लाख 50हजार रूपए जमा नही करवाएं तो तुम्हारा भाई जो हमारी गिरफ्त में है उसका मरा हुआ मुंह देखोगे। डर के मारे उसने आरोपियों द्वारा दिए खाते में चार बार में और 20 लाख 50हजार रूपए डलवा दिए। फरवरी 2022 में आरोपी राहुल फोन कर कहने लगा की तुम्हारा भाई बहुत बिमार है मेरा आदमी प्रदीप जो दिल्ली मे रहता है उसके खाते में 2 लाख रूपए डलवा दो ताकी तुम्हारे भाई का इलाज हो सके। उसने भाई से बात करवाने के लिए कहा तो आरोप राहुल चिल्लाते हुए कहने लगा कि अभी हम इथेपिया के अस्पताल में है बात नही करवा सकते। 14 फरवरी 2022 को उसने 1लाख 75 हजार रूपए खाते में डलवा दिए। आरोपी उसके भाई को नशा एवं ड्रग्स की ओवर डोज देते थे। जिसकी वजह से उसका भाई अस्पताल में भर्ती हुआ था। 21 फरवरी 2022 को पता चला की उसके भाई की मौत हो गई है। आरोपियों ने उसके भाई को ड्रग्स देकर बोलने के लाचार कर जान से मार दिया। उससे लिए गए 56 लाख 75 हजार रूपए में से आरोपियों से 1 लाख रूपए 21 जूलाई को व 1 लाख रूपए 26 जूलाई को उसके खाते में ट्रांसफर कर 7 लाख रूपए के दो चैक देकर बाकी पैसे जल्द ही वापिस देने का आश्वासन दिया। उसके बैंक जाकर अपने खाते में उक्त चैक लगाए तो वह बाउंस हो गए। चैक बाउंस बारे आरोपी राहुल को बताया तो आरोपी ने पैसे वापिस देने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने विदेश भेजने के नाम पर झांसे में लेकर उनसे 54 लाख 75 हजार रूपए की ठगी कर ली। शिकायत पर थाना मतलौडा में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।

Comments