Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


शराब ठेके पर लूट करने वाले चार आरोपियों को जीन्द जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर थाना इसराना पुलिस ने की पूछताछ.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 28, 2024 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 28 मार्च 2024, गोहाना रोड पर बुड़शाम मोड़ के पास स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन से मारपीट कर लूट करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को थाना इसराना पुलिस जीन्द जेल से बुधवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पुलिस ने आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।

थाना इसराना प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि थाना इसराना में बुड़शाम निवासी बंशीलाल पुत्र रामधारी ने शिकायत देकर बताया था कि वह गोहाना रोड पर बुड़शाम मोड़ के पास स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन के रूप में नौकरी करता है। 20 जनवरी की देर शाम करीब 10 बजे वह बाथरूम करने के लिए ठेके से बाहर निकला, तभी अज्ञात 3 लड़कों ने उसके उपर चादर डाल कर मारपीट शुरू कर दी। उसकी आखों में मिर्ची मारी और अंदर गत्ते की पेटी में रखे सेल से 4 हजार रूपये व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। बंशीलाल की शिकायत पर थाना इसराना में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि गत दिनों जीन्द सीआईए पुलिस ने स्नेचिंग के मामले में आरोपी अंकित निवासी वाघडू कला, आशिष, हिमांशु व तुलसी निवासी ढाणा कला हिसार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चारों आरोपियों ने जीन्द की वारदात के अतिरिक्त शराब ठेके पर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने के बारे में भी स्वीकारा था।
सूचना मिलने पर थाना इसराना पुलिस बुधवार को चारों आरोपियों को जीन्द जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया उन्होंने ठेके से लूटी 3400 रूपये की नगदी खाने पीने में खर्च कर दी और मोबाइल फोन तोड़कर फैक दिया था। रिमांड अवधी पूरी होने पर पुलिस ने वीरवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments