हर शिकायत पर संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई हमारी प्राथमिकता: उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया
-जनता समाधान शिविर में शिकायतों के निस्तारण से लोगों को मिली बड़ी राहत
-हर शिकायत पर पारदर्शी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह
-शहरी सेवाओं में सुधार के लिए प्रतिबद्ध: निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी
-सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन ने की शिविर की प्रशंसा
BOL PANIPAT , 26 फरवरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह की पहल पर आम नागरिकों की शिकायतों के मौके पर समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर अब प्रभावी परिणाम देने लगे हैं। हर सोमवार और गुरुवार को जिला सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे इन शिविरों में दर्ज शिकायतों का त्वरित निस्तारण होने से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। गुरुवार को आयोजित शिविर में जिले के 21 नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान फैमिली आईडी, दिव्यांग पेंशन, नगर निगम सेवाओं और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। कुल 21 शिकायतकर्ताओं ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।
शिविर में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्वयं नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ हर शिकायत पर गंभीरता से काम कर रहा है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि फैमिली आईडी से संबंधित त्रुटियों, आय सत्यापन, जन्मतिथि सुधार और अन्य तकनीकी दिक्कतों की कई शिकायतें सामने आईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए गए। दिव्यांग पेंशन के मामलों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है। जहां दस्तावेजों की कमी थी, वहां मौके पर मार्गदर्शन दिया गया और लंबित सत्यापन मामलों को तय समयसीमा में पूरा करने के आदेश दिए गए।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु बन रहे हैं। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है। उपायुक्त ने वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों से संबंधित मामलों को विशेष प्राथमिकता देने की भी बात दोहराई। शिविर में पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी नागरिक को पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित कोई शिकायत है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो शिकायतें प्राप्त हुईं हैं उनपर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों की शिकायतो पर संज्ञान लिया जाए। शिविर में निगम से संबंधित जो शिकायतें आईं हैं कई का मौके पर समाधान शुरू कर दिया गया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए समयसीमा तय कर संबंधित शाखाओं को निर्देशित किया गया।
सीएम विंडो के एमिनेंट पर्सन कृष्ण आर्य, गुलशन और सुरेंद्र ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और देरी होने पर उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाती है।
शिविर में पानीपत निवासी यशपाल ने जिला सचिवालय परिसर में सक्रिय वाहन चोरों के विरुद्ध कार्रवाई करने और पुलिस के माध्यम से इन्हें पकडऩे की कार्यवाही की मांग की। प्रार्थी शीशपाल (गांव डिडवाड़ी) ने अवैध खनन गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जिस पर प्रशासन ने जांच कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रार्थी ऋषि पाल, ऋषि राम, कृपाल, सुरजीत और रामकिशन ने गंदी नालियों की सफाई की मांग रखी, जिस पर तुरंत सफाई के निर्देश दिए गए।
कमलेश देवी ने अनावश्यक बिजली मीटर हटवाने का अनुरोध किया। ममतेश (नूरवाला) ने राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया, जिस पर संबंधित विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। गौरतलब है कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनते जा रहे हैं। उच्च अधिकारियों की मौजूदगी और मौके पर समाधान की व्यवस्था से लोगों का विश्वास बढ़ा है। यह पहल साबित कर रही है कि इच्छाशक्ति और जवाबदेही के साथ शासन व्यवस्था को प्रभावी और जनहितैषी बनाया जा सकता है।

Comments