Friday, July 24, 2026
Newspaper and Magzine


करियर को लेकर लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध तैयारी करें, सफलता खुद कदम चूमेगी: डॉ. रितु चहल

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 24, 2026 Tags: , , , , ,

व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह में विद्यार्थियों को मिला सफलता का मंत्र, करियर निर्माण पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

समय प्रबंधन, अनुशासन और सकारात्मक सोच से संवरता है उज्ज्वल भविष्य

रोजगार विभाग की अनूठी पहल, स्कूल-स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को दिए करियर और प्रतियोगी तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स

BOL PANIPAT, 24 जुलाई। हरियाणा रोजगार विभाग द्वारा प्रदेशभर में 20 से 24 जुलाई तक आयोजित व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों और सेमिनारों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण, प्रभावी अध्ययन तकनीक, समय प्रबंधन, परीक्षा की तैयारी और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सौंधापुर में आयोजित करियर वार्ता में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उन्हें हासिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और कौशल के अनुरूप करियर चुनने की सलाह देते हुए अध्ययन की आदतों में सुधार, नियमित अभ्यास तथा उच्च अंक प्राप्त करने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

इसी कड़ी में सहायक रोजगार अधिकारी कुमारी विनीता ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, निजामपुर में आयोजित सेमिनार में विद्यार्थियों को बताया कि नियमितता, अनुशासन और एकाग्रता अध्ययन में सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी हैं। उन्होंने समय का प्रभावी प्रबंधन करने, पढ़ाई को रुचिकर बनाने तथा आधुनिक अध्ययन तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया। इसके अलावा कुमारी विनीता ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तहसील कैंप, पानीपत में आयोजित करियर वार्ता में कहा कि अच्छी अध्ययन आदतें और सही रणनीति विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ सफलता की ओर ले जाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि परीक्षा के दौरान अध्ययन सामग्री को छोटे-छोटे भागों में विभाजित कर प्रत्येक सत्र के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें तथा प्रत्येक विषय के लिए निश्चित समय तय कर उसका नियमित पालन करें।

व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के समापन अवसर पर राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जी.टी. रोड, पानीपत में आयोजित करियर वार्ता में जिला रोजगार अधिकारी डॉ. ऋतु चहल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि करियर का सही चुनाव जीवन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी योग्यता और रुचि के अनुरूप करियर चुनने, योजनाबद्ध तैयारी करने तथा निरंतर मेहनत के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, तनाव प्रबंधन, आत्म-मूल्यांकन, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास, लक्ष्य आधारित अध्ययन, एकाग्रता बढ़ाने के उपाय तथा सकारात्मक सोच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों में उल्लेखनीय सुधार कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए करियर, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और अध्ययन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने विस्तार से समाधान किया। रोजगार विभाग की इस पहल को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Comments


Leave a Reply