Monday, September 7, 2026
Newspaper and Magzine


एसपी मेधा भूषण ने अपराध समीक्षा गोष्ठी में थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों व चौकी इंचार्जों को दिए सख्त निर्देश

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 7, 2026 Tags: , , , , , ,

अपराध नियंत्रण, महिला विरुद्ध अपराधों का समयबद्ध निपटारा और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता

BOL PANIPAT , 07 सितंबर : पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों तथा चौकी इंचार्जों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जिले में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति, दर्ज मुकदमों की जांच में हो रही प्रगति तथा अपराध नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा कर थानों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए।
अपराध समीक्षा गोष्ठी में एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नरेंद्र सिंह, डीएसपी प्रणय, डीएसपी नवीन संधू सहित सभी थाना प्रबंधक, क्राइम यूनिट प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने बैठक के दौरान थानों में दर्ज मुकदमों की जांच की प्रगति, लंबित मामलों, अपराध नियंत्रण की स्थिति तथा कानून एवं व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता दिखाई देनी चाहिए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि थाना एवं चौकी में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। शिकायत को गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाए। पीड़ित की शिकायत चाहे ऑनलाइन, ऑफलाइन अथवा उच्च अधिकारियों के कार्यालय के माध्यम से प्राप्त हुई हो, उस पर त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निर्धारित समय सीमा में जांच पूरी कर माननीय न्यायालय में पेश करें चालान

पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपराधिक मामले की जांच अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी जांच अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच पूरी करते हुए माननीय न्यायालय में समय पर चालान पेश करना सुनिश्चित करें। विशेष रूप से महिला विरुद्ध अपराधों, बच्चों के विरुद्ध अपराधों तथा अन्य संवेदनशील मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और आमजन को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी थाना प्रबंधक एवं चौकी इंचार्ज अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में विशेष रूप से रात्रि के समय प्रभावी गश्त एवं नाकाबंदी सुनिश्चित करें, ताकि अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।

अपराध पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के निर्देश

पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस ने महिला विरुद्ध अपराध, वाहन चोरी, लूट, स्नेचिंग, चोरी, हत्या एवं अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों की रोकथाम के लिए थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों एवं चौकी इंचार्जों को प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रबंधक, क्राइम यूनिट प्रभारी एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारी बिना किसी देरी के घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए अपराध पर अंकुश लगाने के हरसंभव प्रयास किए जाएं।
इसके साथ ही उन्होंने जुआ, सट्टा, खाईवाली, अवैध शराब, नशा तस्करी तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे गैरकानूनी धंधों में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

Comments


Leave a Reply