छत पर सो रहे 4 दोस्तों का सामान चोरी। चोर कमरे से मोबाइल, लैपटॉप और नकदी लेकर फरार।
BOL PANIPAT : गांव सिवाह स्थित दीपक कॉलोनी में बने कमरे से चार दोस्तों का सामान चोरी हो गया। चारों दोस्त जिस कमरे में किराए पर रहते हैं रात को उस कमरे की छत पर सो रहे थे। सुबह उठकर कमरे में गए तो देखा कि चोरी हो गई। चोरों ने कमरे से चारों के मोबाइल फोन चुरा लिए। इसके अलावा कैश, लैपटॉप और अन्य सामान भी चोरी हो गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में मोहम्मद तहसीन ने बताया कि वह यूपी के बागपत का रहने वाला है। वह व उसके तीन दोस्त परवेज निवासी मुजफ्फरनगर, जावेद निवासी ग्राम राजपुर गढी और शहजाद निवासी ग्राम करवाडा पानीपत के सिवाह गांव में दीपक कॉलोनी में किराए के एक कमरे में रहते है। 5 जून की रात करीब 1 बजे चारों दोस्त कमरे की छत पर सो रहे थे। सुबह करीब 5 बजे उठे। उस दौरान देखा कि नीचे कमरे से उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप चोरी हो गया है। इसके अलावा शहजाद का मोबाइल फोन और 4 जोड़ी कपड़ों से भरा बैग चोरी हो गया था। परवेज का मोबाइल फोन और 1500 रुपए चोरी हो गए। वहीं, जावेद के 4 हजार रुपए, एक इयरबड और घड़ी चोरी हो गई। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी खंगाले। जिसमें एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दे रहे है। इसके कुछ देर बाद वे बैग ले जाते हुए कैद हुए है।

Comments