विद्यार्थियों ने हरियाणा विधानसभा,चंडीगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण किया
BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा हरियाणा विधानसभा,चंडीगढ़ का शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस शैक्षणिक यात्रा को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ. किरण मदान एवं सहायक प्राध्यापिका खुशबू द्वारा औपचारिक रूप से कॉलेज परिसर से रवाना किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह द्वारा भ्रमण पर जाने से पहले विद्यार्थियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों को हरियाणा विधान सभा के नियमों, अनुशासन एवं भ्रमण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होता है, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी सिद्ध होता है तथा उनका दृष्टिकोण व्यापक बनता है। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ. किरण मदान ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से अवगत कराना है । इससे विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मविश्वास और व्यावहारिक समझ का विकास होता हैं, जिससे वे समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ पाते है । हमें खुशी है कि विद्यार्थियों ने इस अवसर का पूरा लाभ उठाया और महत्वपूर्ण ज्ञान अर्जित किया । इस शैक्षणिक भ्रमण में राजनीति विज्ञान विषय के 35 विद्यार्थियों ने हरियाणा विधान सभा का दौरा किया और वहाँ की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। विधानसभा सत्र के दौरान विद्यार्थियों को सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिला, जिसमें हरविंदर कल्याण (अध्यक्ष), डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा (उपाध्यक्ष), नायब सिंह सैनी (मुख्यमंत्री) तथा भूपेंद्र सिंह हुड्डा (विपक्ष के नेता) सहित अन्य माननीय विधायक उपस्थित रहे । सदन की बैठक में गुजरात के माननीय राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा प्राकृतिक खेती पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया, अपने संबोधन में उन्होंने हरियाणा के किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा जैविक एवं रासायनिक कृषि को त्यागने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती न केवल पर्यावरण के लिए हितकारी है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक हो सकती है। उन्होंने सदन के सदस्यों को किसानों को प्राकृतिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने, विधायी प्रक्रिया को जानने तथा प्राकृतिक खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान किया। विद्यार्थियों ने रॉक गार्डन तथा सुखना लेक का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य और रचनात्मक कला का आनंद लिया। इस शैक्षणिक भ्रमण में विभाग के अन्य प्राध्यापकगण राहुल कुमार, पूजा एवं कुलदीप शर्मा भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे तथा उन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अनुभवात्मक सिद्ध हुआ। इससे विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित हुई तथा उन्होंने व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया।

Comments