विद्यार्थियों ने कागज के बैग तैयार किए
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीबीए द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए एक विशेष कक्षा गतिविधि के रूप में आर्टिस्टिक बैग क्राफ्टिंग का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 14 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, हस्तकौशल तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने सुंदर-सुंदर कागज के बैग तैयार किए, जिनमें विभिन्न रंगों, डिजाइनों और कलात्मक अभिव्यक्तियों का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए आकर्षक बैग सभी के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह के विचार साझा करते हुए बताया गया कि आर्टिस्टिक बैग क्राफ्टिंग जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा, “कागज के बैग का उपयोग प्लास्टिक के स्थान पर एक बेहतर और पर्यावरण अनुकूल विकल्प है। इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को ‘रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल’ की भावना से जोड़ती हैं। साथ ही यह उनके रचनात्मक कौशल को निखारने का एक सशक्त माध्यम भी है।”
इसके पश्चात विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा, “आर्टिस्टिक बैग क्राफ्टिंग न केवल एक कला है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक कदम भी है। इससे विद्यार्थियों में नवाचार, धैर्य और सूक्ष्मता से कार्य करने की क्षमता विकसित होती है। आप सभी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। भविष्य में भी इसी प्रकार अपनी रचनात्मकता को आगे बढ़ाते रहें।” साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी। सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई, जिसमें प्रथम स्थान पर रूपाली और वृंदा, द्वितीय स्थान पर कोमल और आरुषि, तृतीय स्थान पर अभिनव और लक्ष्य तथा सांत्वना पुरस्कार खुशबू, राजकुमारी और काजल को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। यह संपूर्ण गतिविधि कक्षा मेंटर निशा गुप्ता द्वारा आयोजित की गई, जिन्होंने इस आयोजन को सफल एवं प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments