गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, खुखराना में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
नशे को कहें न और जीवन को हाँ- नशा देने वाला सबसे निकट का व्यक्ति होता है: डॉ. अशोक
BOL PANIPAT , 4 अगस्त। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशानिर्देशों तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। ब्यूरो द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी जागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल, खुखराना (पानीपत) में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पानीपत जि़ले में यह 100 वां जागरूकता कार्यक्रम था जिसमें विद्यालय के निदेशक मनोज धमीजा, प्राचार्या ममता नंदा तथा शिक्षिका मन्नू देसवाल ने सक्रिय भागीदारी की।

कार्यक्रम में हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशा है नाश करो विश्वास। नशा होता अच्छा तो माँ कहती खा ले मेरे बच्चा। नशा होता अच्छा तो पिता कहता ले थोड़ी से पी क्यों करता है चिंता अपनी जिंदगी जी।
उन्होंने कहा न नशा माँ ने दिया न पिता ने दिया, तो नशा देने वाला कौन। उन्होंने बताया कि नशा देने और सिखाने वाला सबसे निकट का व्यक्ति होगा जो मित्र चलचित्र अड़ौसी पड़ौसी और रिशतेदार एवं ईष्र्यालु यार के रूप में आएगा और कहेगा एक बार ले कर देख। बस यही वो क्षण है जो हमारे जीवन का भविष्य निर्धारण करता है। प्रथम बार में ही नशे को न कहें और जीवन को हाँ। डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों को एनसीबी के राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1933 तथा राज्य नारकोटिक्स हेल्पलाइन 90508961508 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नशे की तस्करी, बिक्री अथवा संबंधित गतिविधियों की सूचना गोपनीय रूप से दी जा सकती है, जिससे समाज को नशामुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस निकट है और यह समय हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है। हमें न केवल नशे जैसी बुराइयों से दूर रहना है, बल्कि प्रकृति की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे ऐसे कार्य करें जिनसे किसी व्यक्ति, समाज या प्रकृति का अहित न हो तथा अपने अच्छे आचरण से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक साथ शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम में 512 छात्र-छात्राओं एवं 24 शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने डॉ. अशोक कुमार वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि विद्यालय भविष्य में भी नशामुक्त भारत के अभियान में सक्रिय सहयोग देता रहेगा।

Comments