Thursday, July 23, 2026
Newspaper and Magzine


आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में एचआईवी/एड्स एवं टीबी जागरूकता व्याख्यान का सफल आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at April 13, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज में विश्व स्वास्थ्य दिवस (07.04.2026 – 14.04.2026) के अवसर पर 13 अप्रैल 2026 को रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. विक्रम कुमार के नेतृत्व में एचआईवी/एड्स तथा टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने पर केंद्रित था।
मुख्य वक्ता के रूप में सिविल अस्पताल, पानीपत से ईएसआई काउंसलर अंजू उपस्थित रहीं, जिन्होंने अपनी सरल, स्पष्ट और प्रभावी शैली से एचआईवी/एड्स के प्रमुख कारणों जैसे असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुइयों का उपयोग और माता से शिशु को संक्रमण के साथ-साथ इसके शुरुआती लक्षणों (जैसे बुखार, थकान, वजन घटना और त्वचा पर चकत्ते) पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बचाव के व्यावहारिक उपायों, जैसे सुरक्षित यौन व्यवहार, नियमित जांच, स्वच्छता और जागरूकता पर जोर दिया, तथा आधुनिक उपचार विकल्पों (एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी) के माध्यम से रोग को नियंत्रित करने की संभावनाओं को रेखांकित किया। टीबी के संदर्भ में भी उन्होंने संक्रमण के स्रोत, लक्षण (लगातार खांसी, रक्तमिश्रित बलगम, बुखार) तथा डीडीएस (डायरेक्टली ऑब्जर्व्ड ट्रीटमेंट शॉर्ट कोर्स) जैसी सरकारी योजनाओं के लाभ बताए। अंजू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सही जानकारी और आवश्यक सावधानियां ही इन घातक बीमारियों से बचाव का सबसे मजबूत हथियार हैं। उन्होंने समाज में प्रचलित मिथको, जैसे एचआईवी केवल सेक्स वर्कर्स को होता है या टीबी असाध्य है, इसको तथ्यों के आधार पर खारिज किया और विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर लगभग 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अंजू से अपने संदेहों एवं जिज्ञासाओं से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने तत्परता से उत्तर दिया। इस इंटरैक्टिव सत्र ने विद्यार्थियों में स्वास्थ्य जागरूकता को न केवल बढ़ाया, बल्कि उन्हें व्यावहारिक सलाह प्रदान कर दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर बल देते हुए कहा, आज के युवा ही राष्ट्र का भविष्य हैं। एचआईवी/एड्स और टीबी जैसी बीमारियों से बचाव के लिए ज्ञान और अनुशासन आवश्यक है। कॉलेज इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा, ताकि हमारे विद्यार्थी स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।
रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. विक्रम कुमार ने सभी अतिथियों, मुख्य वक्ता सुश्री अंजू तथा सहभागी विद्यार्थियों का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा, इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने, स्वास्थ्य अनुशासन सिखाने और उन्हें जागरूक, स्वस्थ समाज का निर्माण करने वाले नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 1097 एवं NACO AIDS ऐप के उपयोग पर विशेष बल देते हुए विद्यार्थियों को विश्वसनीय सहायता स्रोतों से जुड़ने का आह्वान किया गया। हम भविष्य में ऐसे और अधिक आयोजनों के माध्यम से जागरूकता अभियान को विस्तार देंगे। कार्यक्रम में डॉ. सुनीत शर्मा, डॉ. निधान सिंह, प्रो. अजयपाल सिंह, प्रो. पवन कुमार, डॉ. वसुंधरा, प्रो अश्वनी गुप्ता, प्रो विनय भारती, डा नीतू, प्रो. अनु , प्रो सुखजिन्दर, प्रो दीप्ति, प्रो मोहित सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित हुए।

Comments