ग्राम दर्शन पोर्टल के माध्यम से सरकार को बताएं मन की बात: उपायुक्त
BOL PANIPAT , 7 मार्च। जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि अब आम आदमी भी विकास कार्यो सम्बंधी मांग शिकायत और सुझाव सीधे ऑनलाईन माध्यम से सरकार को दे सकेगा। प्रदेश सरकार द्वारा इसके लिए ऑनलाईन पोर्टल शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्राम दर्शन पोर्टल प्रदेश सरकार की एक व्यापक, सहभागी, पारदर्शी और जवाबदेय पहल है। इसका उदेश्य निर्वाचित प्रतिनिधियों, सरकार और ग्रामीणों के बीच सम्बंध स्थापित करना है।
यह पोर्टल ग्रामीणों को अपनी मांग, शिकायत व सुझाव देने का एक सुविधाजनक एवं सरल माध्यम है। उन्होंने बताया कि इस पोर्टल पर ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझाव के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं का खाका तैयार किया जाएगा। ग्राम दर्शन पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति अपने स्थाई निवास के गांव के सम्बंध में ही शिकायत दर्ज कर सकेगा। ग्रामीणो द्वारा दिया गया सुझाव और मांग सीधे सरपंच/पंचायत समिति/जिला परिषद सदस्य/विधायक और सांसद को दिखाई देंगे।
सभी जनप्रतिनिधियों को उनके अधिकार क्षेत्र के ही सुझाव डैशबोर्ड पर दिखाई देंगे, जिन्हें सम्बंधित जनप्रतिनिधि संस्तुति के साथ आगे बढ़ा सकेंगे। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर सुझाव/शिकायत दर्ज करवाने के साथ ही एक आईडी जनरेट होगी जो सम्बंधित आवेदक को एसएमएस के माध्यम से मिलेगी। इसके साथ ही आवेदक को समय-समय पर सुझाव/शिकायत पर हुई कारवाई की अपडेट सूचना एसएमएस के माध्यम से मिलती रहेगी।

Comments