Wednesday, June 3, 2026
Newspaper and Magzine


महिला सम्मान और सुरक्षा पर प्रशासन की सख्ती, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन ने की पहल की सराहना

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 13, 2026 Tags: , , , , , , ,

-प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को देता सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया

-पानीपत प्रशासन बना मिसाल, महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक

-पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह

-महिला सशक्तिकरण पर जोर: जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

-महिलाओं के सम्मान से समझौता नहीं: महिला आयोग, प्रशासन और पुलिस का साझा संकल्प

BOL PANIPAT , 13 मार्च। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर महिलाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करना तथा उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार करना रहा। बैठक के दौरान चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पानीपत प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जिले में महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर जो पहल की जा रही है, वह अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने विशेष रूप से उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जा सकता है।

रेनू भाटिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और अवसर मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और उन्हें बिना किसी डर के आगे बढऩे का वातावरण मिले।

    उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। हमारा स्पष्ट संकल्प है कि जिले में किसी भी महिला के सम्मान से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है, जिससे महिलाएं सुरक्षित महसूस करें और उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष न करना पड़े। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चल रही योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

    पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और इस दिशा में लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, महिलाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। जिले में महिला हेल्पलाइन, त्वरित कार्रवाई और जागरूकता अभियानों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी महिला को असुरक्षा का सामना न करना पड़े। पुलिस हर शिकायत को गंभीरता से लेती है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करती है।

बैठक के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की। चेयरपर्सन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित मामलों का त्वरित और संवेदनशील तरीके से समाधान किया जाए। बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि प्रशासन, पुलिस और महिला आयोग मिलकर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सशक्त वातावरण बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहेंगे। इस मौके पर जिला प्रोटेक्शन अधिकारी रजनी गुप्ता और कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comments