Wednesday, August 26, 2026
Newspaper and Magzine


प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ हर घर तक पहुंचेगा: उपायुक्त डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 29, 2025 Tags: , , , , ,

-योजना से होगा बिजली बिलों का बोझ कम, आत्मनिर्भरता की दिशा में होगा बड़ा कदम साबित

-बिजली विभाग को गांव-गांव प्रचार प्रसार करने के दिए निर्देश

BOL PANIPAT , 29 अगस्त। जिला सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित बैठक में उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर (मुक्त बिजली योजना) का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि यह योजना न केवल लोगों के बिजली बिलों का बोझ कम करेगी, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी।
    उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। यह सब्सिडी पहले घरेलू आवेदकों को दी जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे इस आर्थिक सहयोग से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। वे वो अपने घर की बिजली जरूरतें पूरी कर पाएंगे।

डॉ. दहिया ने बताया कि हरियाणा सरकार ने इस योजना को और मजबूती देने के लिए राज्य के एक लाख गरीब परिवारों को अधिकतम 50 हजार रुपये तक की अतिरिक्त सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध कराई जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि कोई परिवार दो किलोवाट तक का सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाता है तो उसे केंद्र सरकार से 60 हजार रुपए तक और राज्य सरकार से 50 हजार रुपए तक की सब्सिडी मिल सकती है। बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना का प्रचार-प्रसार गांव स्तर तक करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बिजली विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जाएं। लोगों को समझाया जाए कि सोलर रूफटॉप सिस्टम कैसे काम करता है, इसका खर्च कितना है और सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया क्या होगी।

उन्होंने कहा कि पंचायत घरों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, पंपलेट और बैठकें आयोजित की जानी चाहिए ताकि हर वर्ग तक इस योजना की जानकारी पहुंचे। उपायुक्त ने बताया कि सोलर रूफटॉप सिस्टम से  बिजली बिलों में भारी कमी आएगी, पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण को नुकसान भी घटेगा। यह योजना दीर्घकालिक दृष्टि से देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी। उपायुक्त ने कहा कि सौर ऊर्जा पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में यह योजना किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए भी बेहद उपयोगी साबित होगी। उपायुक्त डॉ. दहिया ने नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया सरल है और बिजली विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वह आमजन को मार्गदर्शन दें।

उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने विश्वास जताया कि यदि गांव-गांव तक इस योजना का प्रचार किया गया तो हजारों परिवार आने वाले समय में अपने घरों को ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर बना लेंगे।  उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को दो टूक कहा कि वे केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित न रहें। उन्हें जमीन पर उतरकर लोगों को समझाना होगा और योजना को सफल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस योजना की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आर्थिक राहत और  ऊर्जा आत्मनिर्भरता का रास्ता खोल रही है। केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल से यह योजना गांव-गांव तक पहुंचेगी और हर घर रोशन होगा।

Comments