एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में लोहड़ी का त्यौहार धूमधाम एवं पावन भाव के साथ मनाया गया.
–हमारे समस्त रिश्तों, आपसी संबंधों में भी गर्माहट बनी रहे यह लोहड़ी पर्व का सन्देश : नरेश गोयल
–प्रबंधकारिणी, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं में जोश और उल्लास का नव संचार
–डीजे की धुनों पर जमकर थिरके स्टाफ और विद्यार्थी
BOL PANIPAT , 13 जनवरी. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में कॉलेज में लोहड़ी के पावन अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया । जिसमे कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने और स्टाफ सदस्यों के साथ हिस्सा लिया और डीजे की धुनों पर जमकर डांस किया । लोहड़ी के अवसर पर नई उर्जा और उत्साह से भरे युवाओं ने समाज में जीवन में सैदव विजय होने तथा निरंतर गतिशील रहने का सन्देश सभी को दिया । इस पवित्र अवसर पर सैंकड़ो छात्र-छात्राओं ने सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया और आग जलाकर एवं रेवड़ी-मूंगफली-गजक की महक के साथ डीजे एवं गीत-संगीत की धुनों पर जमकर नृत्य किया । छात्र-छात्राओं के एकल नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत के बाद कार्यक्रम लोहरी की आग के इर्द-गिर्द सामूहिक नृत्य के साथ अपने उरूज पर पहुंचा ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ श्री एस.डी. एजुकेशन सोसायटी के सचिव नरेश गोयल ने अग्नि प्रज्ज्वलित कर किया । विदित रहे कि लोहड़ी का त्यौहार नए वर्ष का प्रथम महत्वपूर्ण पर्व है जिसमे कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय के प्राध्यापको और विद्यार्थीयो ने एक साथ हिस्सा लिया । मकर सक्रांति से एक दिन पूर्व उत्तर भारत विशेषत: हरियाणा और पंजाब में लोहड़ी का त्यौहार मनाया जाता है । किसी न किसी नाम से मकर संक्रांति के दिन या उसके आस-पास भारत के विभिन्न प्रदेशों में कोई न कोई त्यौहार मनाया जाता है जो नयी उर्जा, उत्साह और रौनक का द्योतक होता है । वैसे तो हर वर्ग लोहड़ी का त्यौहार बड़े चाव से मनाता है परन्तु पंजाबियों के लिए लोहड़ी खास महत्व रखती है । लोहड़ी से कुछ दिन पहले से ही छोटे बच्चे लोहड़ी के गीत गाकर लोहड़ी हेतु लकड़ियां, मेवे, रेवडियां, मूंगफली इकट्ठा करने लग जाते हैं । फिर लोहड़ी की संध्या को आग जलाई जाती है जहाँ लोग अग्नि के चारो ओर चक्कर काटते हुए नाचते-गाते हैं और आग मे रेवड़ी, मूंगफली, खील, मक्की के दानों की आहुति मंगलकामनाओं के साथ देते हैं और जीवन के निरंतर बहते रहने का सन्देश देते है । ‘सुन्दरी-मुंदरी होए, हुल्ले हुल्लारे हुल्ले-हुल्ले, नि मैं नया नया’ जैसे गीतों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर डांस किया।
नरेश गोयल ने कहा कि आशंकाओं, कठिनाइयों एवं शंकाओं के बावजूद भी निरंतर गतिशील एवं धैर्यवान बने रहने का नाम ही जीवन है । उन्होनें कहा कि भारत के लोग अन्य त्योहारों की तरह लोहड़ी को भी खुशी और उत्साह के साथ मनाते है । यह त्योहार उन त्योहारों में से एक है जिसमे परिवार और दोस्तों को एक साथ इकट्ठा होने का मौका मिलता है और लोग गुणवत्तापूर्वक समय साथ बिताते है । यह त्योहार विशेष रूप से किसानों के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि जनवरी महीने को फसल का महीना माना गया है । किसानों के लिए यह दिन एक नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है । लोग त्योहार और नाच को उजागर करते हुए नृत्य करते है और आग के चारों ओर गायन करते है । ऐसे पावन त्यौहार की सभी को हार्दिक शुभकामनाये ।
इस अवसर पर कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल, महासचिव महेंद्र अग्रवाल, उपप्रधान राजीव गर्ग एवं कोषाध्यक्ष विशाल गोयल सभी पदाधिकारियों ने समस्त स्टाफ को लोहड़ी पर्व कि शुभकामनाएं दी और सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य कि कामना की।
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने विद्यार्थिओं को संबोधित करते हुए उन्हें लोहड़ी का त्यौहार मनाने की परंपरा के बारे में बताया । उन्होनें कहा कि प्राचीन समय में सुंदरी एवं मुंदरी नाम की दो अनाथ लड़कियां थीं जिनको उनका चाचा विधिवत शादी न करके एक राजा को भेंट कर देना चाहता था । उसी समय में दुल्ला भट्टी नाम का एक नामी डाकू हुआ जिसने दोनों लड़कियों, सुंदरी एवं मुंदरी को जालिमों से छुड़ा कर उन की शादियां कीं । इस मुसीबत की घड़ी में दुल्ला भट्टी ने लड़कियों की मदद की और लड़के वालों को मना कर एक जंगल में आग जला कर सुंदरी और मुंदरी का विवाह करवाया । दुल्ले ने खुद ही उन दोनों का कन्यादान किया । कहते हैं दुल्ले ने शगुन के रूप में उनको शक्कर दी थी । जल्दी-जल्दी में शादी की धूमधाम का इंतजाम भी न हो सका तो दुल्ले ने उन लड़कियों की झोली में एक सेर शक्कर ड़ालकर ही उनको विदा कर दिया । इस प्रचलित मान्यता का भावार्थ यह है कि ड़ाकू हो कर भी दुल्ला भट्टी ने निर्धन लड़कियों के लिए पिता की भूमिका निभाई और ऐसे भाव की आज के समाज को सर्वाधिक आवश्यकता है । कुछ लोग यह भी मानते है की संत कबीर की पत्नी लोई की याद में यह पर्व मनाया जाता है, इसीलिए इसे लोई भी कहा जाता है । कारण जो भी हो यह त्योहार पूरे उत्तर भारत में धूमधाम से मनाया जाता है ।
डॉ. संगीता गुप्ता एवं डॉ. मोनिका खुराना ने इस कार्यक्रम के आयोजन में अहम भूमिका निभाई ।
छात्र-छात्राओं ने आज भी “सुंदर मुंदरिये, होए, तेरा की विचारा, होए, दुल्ला भट्टी वाला, होए, दुल्ले दी धी वियाई, होए, सेर शकर पाई, होए” गीत गाकर पुरानी परम्पराओं को फिर से जीवित किया । इस अवसर पर सभी टीचिंग और नॉन-टीचिंग के स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे जिनमे प्रो. प्रवीण आर. खेरडे, डॉ. इंदु बाला, डॉ. संगीता गुप्ता, डॉ संतोष कुमारी, डॉ. मोनिका खुराना, प्रो अन्नू आहूजा, प्रो. संजय चोप्रा, प्रो. मयंक अरोड़ा, प्रो पवन कुमार, प्रो जुगमती, प्रो किरण मलिक, प्रो कविता, दीपक मित्तल आदि ने जम कर डांस किया।

Comments