नशे रुपी नाग का फन कुचलने के लिए छात्राओं ने भरी हुंकार.
-सबसे प्रथम कर्तव्य है शिक्षा बढ़ाना देश में, शिक्षा बिना कल्याण की आशा दुराशा मात्र है- डॉ अशोक
BOL PANIPAT : समालखा/पानीपत। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो प्रमुख ओपी सिंह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के दिशानिर्देशों और पुलिस अधीक्षक पंखुरी कुमार के मार्गदर्शन में ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिहोली/ समालखा पहुंचे। विद्यालय में एक दिवसीय नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें 209 छात्राओं, 16 शिक्षकों और 18 अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा ने छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत में नारी का सम्मान सदियों से किया जाता रहा है। नारी शक्ति माँ बहन पत्नी और पुत्री अनेक रूपों में समाज और राष्ट्र के पथ प्रदर्शक के रूप में अपनी पहचान बनाये है लेकिन वही दूसरी और कुछ नारी नशे जैसे बुराई के मार्ग पर चलकर नारी की छवि को धूमिल करने का दुस्साहस कर रही हैं। आज नशा मनुष्य के जीवन को दमक की भांति भीतर से खोखला कर रहा है। हरियाणा को नशा मुक्त करने के लिए सबको मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सबसे प्रथम कर्तव्य है शिक्षा बढ़ाना देश में। शिक्षा बिना ही आज हम सब पड़ रहे हैं कलेश में। शिक्षा बिना कभी कोई बन सकता नहीं सत्पात्र हैं। शिक्षा बिना कल्याण की आशा दुराशा मात्र है। उन्होंने विस्तार पूर्वक नशे पर कुठारघात किया और बताया कि हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो हरियाणा को नशा मुक्त करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। छात्राओं ने कहा कि वे नशे रुपी नाग का फन कुचलने के लिए तत्पर हैं। वे अपने अपने सामर्थ्य अनुसार नशे का नाश करेगी।

Comments