Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


स्वच्छता केवल एक आवश्यकता नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की है आधारशिला: उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 25, 2026 Tags: , , , , ,

सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को बेहतर वातावरण देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी

सरकारी स्कूलों में स्वच्छता अभियान को मिलेगा नया आयाम

शौचालय व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन सख्त

शौचालयों की नियमित सफाई, रखरखाव और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए

बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए गुणवत्ता पर विशेष जोर

शौचालय की नियमित करें चेकिंग

BOL PANIPAT , 25 मार्च। जिले के सरकारी स्कूलों में स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित एक अहम बैठक में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने संबंधित विभागों को स्कूलों के शौचालयों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए।

  उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल एक आवश्यकता नहीं, बल्कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि, सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को बेहतर वातावरण देना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि स्कूलों के शौचालय साफ और उपयोगी नहीं होंगे, तो इसका सीधा असर बच्चों की उपस्थिति और स्वास्थ्य पर पड़ेगा। इसलिए शौचालयों की नियमित सफाई, रख रखाव और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित की जाए।

    उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूल में शौचालयों की स्थिति का नियमित निरीक्षण किया जाए और साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्कूल स्तर पर विशेष अभियान चलाए जाएं, ताकि छात्र-छात्राएं भी स्वच्छता के महत्व को समझें और उसे अपनी आदत का हिस्सा बनाएं। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए केवल नामांकन अभियान पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, सुविधाओं और वातावरण को भी बेहतर बनाना होगा।

    उपायुक्त ने कहा कि जब स्कूल साफ-सुथरे, सुरक्षित और सुविधाजनक होंगे, तभी अभिभावकों का विश्वास बढ़ेगा और वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने के लिए प्रेरित होंगे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने उपायुक्त को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर पालन किया जाएगा और स्कूलों में स्वच्छता व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रशासन के इस कदम से जिले के सरकारी स्कूलों में न केवल स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार होगा, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments