किसानों की फसल का एक एक दाना खरीदेगी सरकार. 48 घंटे में भुगतान–कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
24 घंटे खुलेगी मंडी, पारदर्शी होगी पूरी प्रक्रिया”
किसानों को नहीं होगी परेशानी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई”
गेट पास से भुगतान तक सिस्टम पूरी तरह ऑनलाइन
BOL PANIPAT , 7 अप्रैल। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देशानुसार किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
मंत्री श्याम सिंह राणा मंगलवार को मार्केट कमेटी कार्यालयो में किसानों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने नई अनाज मंडी पानीपत, मतलौडा और इसराना,बापौली और समालखा मार्किट कमेटी कार्यालयों में किसानों से सीधा संवाद किया और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि
रबी खरीद सीजन 2026 के तहत किसानों को सुविधा देने और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने बेहतरी व्यवस्थाएं लागू की हैं।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि अब किसान अपनी फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ-साथ पारंपरिक साधनों से भी मंडी में ला सकते हैं। यदि ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं है तो पेंट या स्टीकर के माध्यम से पंजीकरण संख्या लिखकर भी प्रवेश संभव होगा।
उन्होंने कहा कि गेट पास के लिए किसानों को इंतजार न करना पड़े, इसके लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अब किसान 24 घंटे अपनी फसल मंडी में ला सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया सुचारु रूप से चलेगी।
“मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। किसान, भूमि मालिक या पट्टेदार तीनों में से कोई भी पंजीकरण कर सकता है। साथ ही किसान अपने नामित व्यक्तियों को भी जोड़ सकते हैं, जिससे फसल विक्रय में सुविधा होगी।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि फसल विक्रय के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। किसान स्वयं या उसके द्वारा नामित अधिकतम तीन व्यक्ति ही फसल मंडी में ला सकेंगे। फिंगर स्कैनिंग के साथ आईरिस स्कैनिंग का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। तकनीकी समस्या की स्थिति में ओटीपीके माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। आउट गेट पास खरीद एजेंसी के इंस्पेक्टर द्वारा जारी होगा, जिसे ट्रांसपोर्टर की स्वीकृति के बाद मंडी सचिव मंजूरी देंगे। इससे उठान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान 48 घंटे के भीतर मिल जाए। साथ ही लिफ्टिंग प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए समय पर अपनी फसल मंडियों में लाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
पानीपत मंडी में मार्किट कमेटी चेयरमैन अवतार शास्त्री ने किसानों से जुड़ी समस्या बताई जिसे मंत्री ने उच्च अधिकारियों को फोन पर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पेस और खेती का मंडी अनुसार फसल का ब्यौरा भी लिया ।
मंत्री ने हर मंडी में बारदाना और उठान की स्थिति भी जानी।
इस मौके पर जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, एसडीएम समालखा अमित कुमार,डीएसपी सुरेश सैनी, डीएसपी आत्मा राम,कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ प्रवीण गुलिया, डॉ अंकित, समालखा मार्केट कमेटी के अध्यक्ष विनय जैन, मार्किट कमेटी सचिव आशा रानी, महावीर सिंह ,धर्मवीर मलिक आढ़ती, हवा सिंह, राजेश देसवाल, नरेश कश्यप ,धर्मपाल जागलान, सतवीर पांचाल, चेयरमैन राजेश के अलावा कई अन्य अधिकारी और मार्किट कमेटी चेयरमैन मौजूद रहे।

Comments