जनता समाधान शिविर बना आमजन की उम्मीद का मंच
30 शिकायतों पर अधिकारियों ने दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश
जनता समाधान शिविर: राशन कार्ड, पेंशन और फैमिली आईडी से जुड़ी शिकायतों पर प्रशासन सख्त
एसडीएम मनदीप कुमार ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए स्पष्ट और कड़े निर्देश
BOL PANIPAT , 9 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह के कुशल मार्गदर्शन और उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया के निर्देशानुसार जिला सचिवालय सभागार में आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए विश्वास और उम्मीद का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में एसडीएम मनदीप कुमार ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट, सख्त तथा समयबद्ध निर्देश दिए।
जनता समाधान शिविर के दौरान एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं है, बल्कि यह समाधान देने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का तय समय सीमा में निस्तारण करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि लोगों को त्वरित और प्रभावी राहत मिल सके।
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि नगर निगम से जुड़ी समस्याएं, चाहे वे पानी, सफाई या अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित हों, उनके समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाएगा, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक नरेंद्र कादियान ने कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में पूरी तत्परता के साथ कार्य किया जा रहा है।
शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें फैमिली आईडी में आय संशोधन, पेंशन, राशन कार्ड, फार्मर आईडी तथा पुलिस विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे। शिविर के दौरान एक प्रार्थी संजीव ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड के अभाव में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं शिकायतकर्ता यशपाल ने राजीव कॉलोनी में एक अवैध कब्जे से संबंधित मामले पर प्रशासन से संज्ञान लेने का अनुरोध किया। एक अन्य शिकायतकर्ता ने फार्मर आईडी बनवाने के लिए आवेदन किया। प्रार्थी आरती ने फैमिली आईडी में दर्ज आय को कम करने की प्रार्थना प्रशासन से की, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर डीएचओ संदीप, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, कोच सुषमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments