एसपी ने अपहृत बच्चे को सकुशल छुड़ाने वाली पुलिस टीम के 28 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित. उत्कृष्ट समन्वय और त्वरित कार्रवाई की सराहना, टीम के कार्य की खुले मन से की प्रशंसा
थर्मल की एक्सईएन के 12 वर्षीय बेटे को अपहरणकर्ताओं से महज 11 घंटे में सकुशल बरामद कर महिला सहित 3 आरोपियों को काबू किया था, मुठभेड़ में दो आरोपियों को पैर में गोली लगी थी
BOL PANIPAT , 16 जून : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने अपहृत बच्चे को आरोपियों के कब्जे से सकुशल छुड़ाने में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के 28 पुलिसकर्मियों को मंगलवार को अपने कार्यालय में बुलाकर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने इस दौरान टीम के सभी सदस्यों की हौसला अफजाई करते हुए उनके उत्कृष्ट समन्वय, कर्तव्यनिष्ठा एवं पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा की।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि किसी भी बच्चे का अपहरण अत्यंत संवेदनशील मामला होता है। ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई, सटीक सूचना संकलन और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने पूरी जिम्मेदारी, सूझबूझ और तत्परता के साथ कार्य करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद किया, जो पुलिस की जनसेवा और नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी तालमेल और समर्पण के साथ कार्य करते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सफलता प्राप्त की। टीम ने तकनीकी संसाधनों, खुफिया सूचनाओं और लगातार निगरानी के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच बनाई और बच्चे को सकुशल मुक्त कराया। पुलिस टीम की इस उपलब्धि से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने सम्मानित पुलिसकर्मियों का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि प्रशंसा और सम्मान कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रकार लगन, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते हुए कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा आमजन को त्वरित न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि पानीपत पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस अवसर पर एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, डीएसपी नवीन संधू, डीएसपी आत्माराम व अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार, सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र, मतलौडा थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजेश, एसपी रीडर एसआई सुभाष चंद्र, थर्मल चौकी इंचार्ज सतविंदर, साइबर सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर हिमांशु, सीआईए वन से एसआई महाबीर सिंह, एसआई सचिन कुमार, एएसआई नरेंद्र, एएसआई सोनू, एएसआई मंदीप, एएसआई बिजेंद्र, हवलदार अमित, सिपाही मोहित, सिपाही सुमित, सिपाही विकास, सिपाही संदीप, सीआईए टू से एसआई विरेंद्र सिंह, ईएसआई अशोक, हवलदार रवि, हवलदार सननी, सिपाही विकास, सिपाही गजेंद्र, थाना मतलौडा से एसआई सुरेंद्र, ईएएसआई संजय, हवलदार प्रदीप, ईएएसआई राजेश, साइबर सेल से सिपाही आवेश को सम्मानित किया।

’बेटे को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे परिजन, जताया आभार’
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बच्चे के परिजन उसे लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस से मिलने के लिए जिला सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में पहुंचे। परिजनों से चेहरे पर राहत और खुशी का भाव देखने को मिला। थर्मल में एक्सईएन तैनात मां सुनीता व गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया में डीजीएम के पद पर तैनात पिता समीर ने इस दौरान बच्चे की सकुशल वापसी के लिए पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस व जिला पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि पुलिस की तत्परता और समर्पण से ही उनका बच्चा सुरक्षित उनके बीच लौट सका।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बच्चे और उसके परिजनों से बेहद आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने बच्चे को पास बैठाकर हालचाल जाना तथा पूरी घटना की जानकारी ली और उसका हौंसला बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बच्चे को सकारात्मक सोच रखने, डर को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने और अपने सपनों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को यह सपष्ट संदेश है कि कानून से बचना संभव नहीं है।

Comments