Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पीट पीटकर किसान की हत्या मामले में दो महिलाओं सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at April 26, 2024 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 26 अप्रैल 2024, थाना पुराना औद्योगिक पुलिस ने गांव सौंधापुर में किसान की पीट पीटकर हत्या करने मामले में वीरवार को दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सीजल उर्फ नगमा, रमन उर्फ अमन व उसकी पत्नी रिहाना निवासी एकता कॉलोनी के रूप में हुई।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि पूछताछ में बाद पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि थाना पुराना औद्योगिक में सौंधापुर गांव निवासी सन्नी पुत्र फतेह सिंह ने शिकायत देकर बताया था कि उन्होंने गांव में साढ़े 9 एकड़ जमीन ठेक पर लेकर उसमें गेहु की फसल उगा रखी है। एकता कॉलोनी निवासी इलियास उर्फ बलबीर को गेहुं की कटाई का ठेका दे रखा था। 23 अप्रैल को देर शाम इलियास उर्फ बलबीर अपने परिजनों के साथ गेहुं कटाई का काम कर रहे थे। उसके पिता फतेह सिंह ने खराब मौसम होने के कारण उनको कटे हुए गेहुं की पूली बांधने के लिए कहा। कई बार कहने पर भी उन्होंने पूली नही बांधी। उसके पिता की इस बात को लेकर खेत में ही इलियास उर्फ बलबीर व उसके परिजनों के साथ बहस हो गई थी। इसके बाद उसका पिता घर आ गया था। कुछ देर बाद इलियास उर्फ बलबीर का लड़का अमन उर्फ लक्की, सीजल उर्फ नगमा व अमन की पत्नी रिहाना उनके घर पर आए और तीनों ने लात घुसों से उसके पिता फतेह सिंह की पिटाई करनी शुरू कर दी। उसकी मां दर्शाना बचाव करने के लिए आगे आई तो आरोपियों ने उसको भी चोट मारी। आरोपियों ने पीट पीटकर उसके पिता की हत्या कर दी। सन्नी की शिकायत पर थाना पुराना औद्योगिक में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू करने के साथ ही आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments