पिकअप चालक से लूट करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर की पूछताछ. लूटा गया मोबाइल फोन बरामद.
BOL PANIPAT , 07 जनवरी : थाना इसराना पुलिस की टीम शाहपुर से लाखू बुआना रोड पर पिकअप चालक से लूट करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। तीनों आरोपियों ने पूछताछ में लूट की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। आरोपियों की पहचान गोहाना के गढी सरायनामदार खा निवासी मुकेश उर्फ रवि व हरिश व वार्ड 14 निवासी अमित उर्फ गोल्डी के रूप में हुई है।
थाना इसराना प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि आरोपियों ने 6 नवंबर की देर रात शाहपुर से लाखु बुआना रोड पर पंजाब निवासी एक पिकअप गाड़ी चालक का वरना गाड़ी रास्ता रोककर नकदी व मोबाइल फोन लूटा था।
थाना इसराना में पंजाब के फाजिलका जिले के अबोहर निवासी अनिल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था की वह 6 नवंबर की देर शाम करीब 7 बजे अपनी पिकअप गाड़ी में अबोहर से एक भैंस, दो गाय व दो बच्छड़े लेकर हरियाणा के पट्टीकल्याणा के लिए चला था। देर रात करीब 2:15 बजे वह शाहपुर से लाखू बुआना रोड पर करीब 100 मीटर चला तो एक काले रंग की वरना गाड़ी सवार युवकों ने पिकअप के आगे गाड़ी अड़ा उसका रास्ता रोक लिया। वरना गाड़ी से 6-7 लड़के उतर कर आए जिन्होंने अपने आप को बजरंग दल से होना बताया पिकअप को चेक किया। उक्त युवक उसकी जेब से एक हजार व पर्स से 6 हजार रूपए निकाल और मोबाइल फोन छीनकर वरना गाड़ी सहित फरार हो गए। उसने राहगिरों की मदद से डॉयल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। थाना इसराना में अनिल की शिकायत पर लूट का अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि तीनों आरोपियों को उक्त वारदात के दो दिन बाद ही सोनीपत की गोहाना पुलिस ने लूट के अन्य मामले में पकड़ा था। पूछताछ में तीनों आरोपियों से पानीपत की लूट की उक्त वारदात का खुलासा भी हुआ था। थाना इसराना पुलिस मंलवार को तीनों आरोपियों को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह तीनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन तीनों ने 6 नवंबर को शादी में जाने की बात बोलकर एक जानकार से किराये पर वरना गाड़ी ली और उसमे सवार होकर रात को लूट की उक्त वारदात को अंजाम दिया था। लूटी गई नकदी व मोबाइल फोन बरामद करने के लिए पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। आरोपियों ने लूटी गई नकदी नशा करने व खाने पीने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर बुधवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments