केन्द्र में हरियाणा के तीन मंत्री प्रदेश के विकास के लिए पूरी पैरवी करेंगे और विकास में पूरा सहयोग करेंगे: मंत्री मनोहर लाल
BOL PANIPAT : 14 जून। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री का पदभार गृहण करने के बाद समालखा सहित सिवाह और पानीपत टोल प्लाजा पर पहुंचे जहां पर प्रदेश के पंचायत एवम विकास तथा सहकारिता मंत्री महिपाल ढांडा, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, पूर्व लोकसभा सांसद संजय भाटिया, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट सहित हजारों की संख्या में पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अब हरियाणा में भी तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का समय है।अगले तीन माह प्रत्येक कार्यकर्ता को विपक्ष द्वारा फैलाई गई गलत धारणाओं को दूर करना है और हर घर जाकर जो कमी रह गई उसको दूर करना है। मनोहर लाल ने कहा कि पांच लोकसभा जीतने के बाद केंद्र में हरियाणा को तीन मंत्री पद मिले हैं इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी भागीदारी से हरियाणा प्रदेश को मजबूती मिलेगी। केन्द्र में हरियाणा के तीन मंत्री प्रदेश के विकास के लिए पूरी पैरवी करेंगे और विकास में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि 1962 के बाद पहली बार नरेंद्र मोदी तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री बने है यह हम सब के लिए गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के विकास को लेकर व्यक्तिगत रुचि लेते हैं। उन्होंने पहली ही मीटिंग में गरीब लोगों को 3 करोड़ नए घर देने का लक्ष्य रखा है,इसमें से हरियाणा प्रदेश को ज्यादा से ज्यादा हिस्सेदारी दिलवाई जाएगी। प्रदेश में भी रुके हुए कामों को अधिकारियों ने प्रगति देनी शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार ने गरीब परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में 1 हजार किलोमीटर की निशुल्क यात्रा की सुविधा दी है। यही नहीं गरीब लोगों के लिए सौ-सौ सो गज के प्लॉट भी देने का प्रावधान किया गया है. यदि किसी कारणवश किसी को प्लाट नहीं दिया गया तो उसे प्लाट खरीदने के लिए 1 लाख रुपए अनुदान राशि भी प्रदान किए जाने का प्रावधान किया जा रहा है। इससे गरीब लोगों को फायदा होगा। समालखा में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम समालखा अमित कुमार ने बुके देकर स्वागत किया।
पानीपत टोल प्लाजा पहुंचने पर राज्य सभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, पूर्व लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने बुके देकर केन्द्रीय मंत्री मनोहर लाल का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं द्वारा उनके प्रथम आगमन पर फूलों की वर्षा की गई। उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं द्वारा ठंडे पानी की छबील लगा कर कार्यकर्ताओं ने लोगों का गला तर किया व मिठाई बांटकर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण किवाना,संजय छोक्कर ,शशि कांत कौशिक,महेन्द्र प्रताप सिंह, एडवोकेट समीर नन्दा, चेतन्य अरोड़ा, सामाजिक कार्यकर्ता रंजीता कौशिक, पूर्व पार्षद आशु नन्दा, अनिल पंवार, विजय जैन, धर्मपाल जागलान, नरेश कश्यप, राजेन्द्र भादड़ आदि मौजूद रहे। कई कार्यकर्ताओं ने खुशी से झूमते हुए नृत्य किया व चूरमा बांटकर अभिनंदन किया।

Comments