Tuesday, April 21, 2026
Newspaper and Magzine


जेजेपी को बताया जमा जीरो पार्टी. सरकार पर जमकर बरसे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान


BOL PANIPAT : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान आज पानीपत पहुंचे जहां उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज प्रदेश 4 लाख करोड़ रुपए से ऊपर कर्जे में है जिसका मतलब है कि प्रदेश में पैदा होने वाला नवजात बच्चा एक लाख 32 हजार रुपए का कर्जदार है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा 9500 पुलिस कांस्टेबल और 4800 पीजीटी टीचर की भर्ती निकाली गई थी लेकिन आज तक एक भी भर्ती नहीं किया गया। इसके अलावा प्रदेश के 498 स्कूल बंद हो चुके हैं। स्कूलों में 30000 पद आज भी खाली पड़े हैं। शिक्षा व्यवस्था का पूरी तरह से बंटाधार हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में स्कूलों में टीचर नहीं है अस्पतालों में कोई सुविधा नहीं है। विकास के नाम पर प्रदेश में कुछ नहीं किया गया।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हुड्डा सरकार में बल्लभगढ़ गुरुग्राम और बहादुरगढ़ तक मेट्रो पहुंचाई गई थी लेकिन मौजूदा सरकार के शासनकाल में 1 इंच भी मेट्रो लाइन आगे नहीं बढ़ी। प्रदेश में बेरोजगारी चरम सीमा पर है। 1 लाख 82 हजार पद खाली पड़े हैं। 32 बार विभिन्न परीक्षाओं के पर्चे लीक हो चुके हैं। सरकार के अधिकारी नगद पैसों के साथ रंगे हाथों पकड़े जा रहे हैं। प्रदेश में कभी रजिस्ट्री घोटाला कभी शराब घोटाला तो कभी माइनिंग घोटाला इस तरह से लगातार घोटालों पर घोटाले हो रहे हैं।
इस मौके पर उनके साथ कांग्रेसी विधायक बलबीर बाल्मीकि, युवा कांग्रेसी नेता विपुल शाह,पूर्व मंत्री बिजेंद्र कादियान, सचिन कुंडू सहित अन्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Comments