ग्रीष्मकालीन शिविर के अंतर्गत दिया जा रहा भिन्न-भिन्न कलाओं का प्रशिक्षण
BOL PANIPAT : डी०ए०वी० पुलिस पब्लिक स्कूल में ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान विद्यार्थियों को भिन्न-भिन्न कलाओं एवं क्रियाकलापों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसके अंतर्गत क्ले मॉडलिंग, स्टोरी टेलिंग एवं साइंस एक्सपेरिमेंट आदि का प्रशिक्षण भी है। क्ले मॉडलिंग में छात्रों को आयु वर्ग के अनुसार फल ,फूल,सब्ज़ियाँ, पशु-पक्षी, गणेशा एवं नटराज आदि की मूर्तियाँ बनाकर उनमें रंग भरने सिखाए जा रहे हैं।
बच्चों में एकाग्रता, रचनात्मक-सोच, शब्दकोश में बढ़ोतरी, श्रवण कौशल, कल्पनाशक्ति, संज्ञानात्मक एवं सृजनात्मक शक्ति के विकास हेतु नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के छात्रों को भिन्न-भिन्न हास्यप्रद एवं नैतिक मूल्यों से संबंधित कहानियाँ सिखाई जा रही है। शिविर के दौरान पुलिस कर्मियों की महिलाओं को भी भिन्न-भिन्न कलाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसके अंतर्गत ममता एवं सुनील उन्हें नृत्य तथा उषा मजूमदार एवं मुस्कान उन्हें होम डेकोरेशन के नए-नए तरीके सिखा रही हैं।
इसी दौरान कक्षा पाँचवी और छठी के विद्यार्थियों के लिए अंतर्सदनीय ‘कुकिंग विदाउट फ्लेम’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने प्रतियोगिता में तरह-तरह के भोज्य पदार्थ तैयार किए। चारों सदनों के प्रतिभागी अत्यंत उत्साहित थे। सभी ने एक से बढ़कर एक साज -सज्जा के साथ व्यंजनों को प्रस्तुत किया। पुष्पा भारद्वाज एवं नीति वधवा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में टैगोर सदन ने जीत का परचम फहराया। विजेता छात्रों को प्रशंसा-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
स्कूल की प्रधानाचार्या अनुपमा सिन्हा ने बच्चों को अभिप्रेरित करते हुए कहा कि हम समर कैंप के जरिए बच्चों को उनकी रूचि क्षेत्र में निपुणता हासिल करवाना चाहते हैं, ताकि सभी बच्चे दैनिक अभ्यास से अपने हुनर में निखार ला सकें। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। ज़रूरत है, इसे पहचान कर निखारने की। इस प्रकार दैनिक अभ्यास से बच्चे भविष्य में जीवन लक्ष्य प्राप्त कर सफलता हासिल करेंगे और अपने माता-पिता, स्कूल व देश का नाम रोशन करेंगे।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी
देव , खुशी , सुप्रिया, स्नेहा , सुजल और सृष्टि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

Comments