जनसेवा में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी: उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया
-जिला परिषद में नई ऊर्जा, समारोह में जुटे जनप्रतिनिधि
-सीईओ डॉ. किरण ने कहा समन्वय से होंगे विकास कार्य तेज
-विकास को नई रफ्तार देने का संकल्प, ज्योति शर्मा ने ली शपथ
BOL PANIPAT , 25 फरवरी। जिला परिषद की निर्वाचित अध्यक्ष ज्योति शर्मा को बुधवार को जिला सचिवालय सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने उन्हें शपथ दिलाते हुए जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया। शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ डॉ. किरण ने उपायुक्त का बुके भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपायुक्त ने जिला परिषद प्रधान को औपचारिक रूप से सीट पर बिठाकर सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास की धुरी है और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। डॉ. दहिया ने कहा कि पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना समय की मांग है। नव-निर्वाचित सदस्य से उन्होंने अपेक्षा जताई कि वे क्षेत्र के विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।
वहीं, सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि जिला परिषद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्य मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करने से जिले में सकारात्मक बदलाव सुनिश्चित होगा।
इस मौके पर मेयर कोमल सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, शिक्षा मंत्री के भाई हरपाल ढांडा, जिला परिषद के वाइस चेयरमैन सुरेश आर्य मलिक, पूर्व मेयर अवनीत कौर सहित कई पार्षद एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Comments