उग्राखेड़ी रोड पर डॉक्टर से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. लूटा गया मोबाइल, 5 हजार रूपए व दस्तावेज बरामद.
BOL PANIPAT , 05 जून : सीआईए थ्री पुलिस टीम ने उग्राखेड़ी रोड पर डॉक्टर से लूट करने वाले दो आरोपियों को वीरवार शाम को राजाखेड़ी रोड पर ग्राउंड से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बलजीत नगर निवासी हिमांशु उर्फ बनिया व दीपांशु उर्फ लक्की के रूप में हुई है। दोनों आरोपी सगे भाई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।

सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए थ्री पुलिस टीम को आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सीआईए थ्री पुलिस टीम अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की पहचान करने व धरपकड़ में जुटी थी। वीरवार देर शाम टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म के दो युवक राजाखेड़ी रोड पर खाली जगह में बैठे हुए है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवको को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पनचान हिमांशु उर्फ बनिया व दीपांशु उर्फ लक्की पुत्र विरेंद्र निवासी बलजीत नगर के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने उग्राखेड़ी रोड पर 2 जून की रात पैदल जा रहे व्यक्ति से लूटपाट करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। लूट की उक्त वारदात बारे थाना चांदनी बाग में उग्राखेड़ी निवासी डॉक्टर कर्मबीर पुत्र रत्न सिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। आरोपियों के पूछताछ में खुलासा हुआ वे दोनों अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में वीरवार रात को राजाखेड़ी रोड पर ग्राउंड में बैठे थे।
दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड
आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया वे दोनों भाई नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन दोनों ने मिलकर 2 जून की रात उग्राखेड़ी रोड पर पैदल जा रहे व्यक्ति से लूट की। दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी हिमांशु के खिलाफ चोरी व स्नेचिंग की वारदातों के 9 मामले व आरोपी दीपांशु पर स्नेचिंग की वारदात का एक मामला दर्ज है। आरोपी हिमांशु बीती 9 मई को जेल से बेल पर बाहर आया था।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, 5 हजार रूपए, 3 एटीएम कार्ड व आधार कार्ड और वारदात में प्रयुक्त बाइक व लोहे का कड़ा बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
यह है मामला
थाना चांदनी बाग में उग्राखेड़ी निवासी डॉक्टर कर्मबीर पुत्र रत्न सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 2 जून को नीजी काम से दिल्ली गया हुआ था। वह रात को दिल्ली से वापस अपने गांव आ रहा था। देर रात करीब 11:30 बजे उग्राखेड़ी रोड पर बीरभान हलवाई की दुकान के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो युवक आए और उससे मोबाइल फोन व पर्स छीनकर ले गए। पर्स में 5 हजार रूपए, आधार कार्ड, पेन कार्ड, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाईसेंस था। थाना चांदनी बाग में डॉक्टर कर्मबीर की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments