पुलिस स्मृति दिवस सप्ताह के तहत बैंड-बाजों की धुन से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर, अमर शहीदों की शहादत को किया नमन
BOL PANIPAT : 29 अक्तूबर 2025 , अमर शहीदों की याद में पुलिस विभाग की ओर से 21 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक पुलिस शहीदी स्मृति दिवस सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत आमजन में देशभक्ति की भावना जागृत करने और शहीदों की शहादत को नमन करने के लिए जिला पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में शहर में प्रतिदिन अलग अलग कार्यक्रम आयोजित कर शहीद जवानों को याद कर श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला सचिवालय परिसर में व पुराना बस अड्डा के सामने आयोजित किए गए कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के बैंड द्वारा देश भक्ति की शानदार धुन बजाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि शहीद जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। ऐसे अमर शहीदों की गौरव गाथा हमारी युवा शक्ति में पूरे उमंग के साथ देशभक्ति का जज्बा पैदा करती है। अमर शहीदों के जीवन से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। शहीदों की शहादत सर्वोंपरि है जिसे देश कभी नहीं भुला सकता।
कार्यक्रम में पुलिस बैंड ने देशभक्ति की धुन से मौजूद लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम के लिए हरियाणा पुलिस अकादमी का बैंड अपने विशेष दौरे पर पानीपत आया था।
इस अवसर पर थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर दीवान सिंह, फोटो ग्राफर सब इंस्पेक्टर सुशील, ईएएसआई जयभगवान और काफी संख्या में मौजिज व्यक्ति, पुलिसकर्मी व राहगीर मौजूद रहे।

Comments