Tuesday, June 30, 2026
Newspaper and Magzine


जनहित के कार्यों में कोताही पर जीरो टॉलरेंस, जवाबदेही तय कर होगी कार्रवाई: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 30, 2026 Tags: , , , ,

बैठकों से गैरहाजिर अधिकारियों पर उपायुक्त का सख्त एक्शन, लापरवाही अब नहीं होगी बर्दाश्त

अनुशासन और समय पालन से कोई समझौता नहीं, हर अधिकारी को निभानी होगी जिम्मेदारी

महत्वपूर्ण बैठकों में अनुपस्थिति पर कड़ा संदेश, प्रशासनिक व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं चलेगा

BOL PANIPAT , 30 जून। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रत्येक बैठक शासन की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने तथा विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि इन बैठकों में सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। पिछले कुछ समय से यह देखने में आ रहा है कि कुछ अधिकारी महत्वपूर्ण बैठकों में बिना पर्याप्त कारण अथवा पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहते हैं। इस प्रकार की कार्यशैली न केवल प्रशासनिक अनुशासन के विपरीत है, बल्कि इससे आमजन के बीच भी प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गलत संदेश जाता है।

    उपायुक्त ने कहा कि इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिले के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को यह समझना होगा कि वह केवल अपने विभाग का प्रतिनिधित्व नहीं करता, बल्कि जिला प्रशासन की कार्यसंस्कृति और सरकार की प्रतिबद्धता का भी प्रतिनिधित्व करता है। किसी भी अधिकारी की गैरहाजिरी के कारण योजनाओं की समीक्षा प्रभावित होती है, निर्णयों के क्रियान्वयन में देरी होती है तथा विकास कार्यों की गति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ करना होगा।

    उपायुक्त ने कहा कि अब जिला प्रशासन ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने शुरू कर दिए हैं। भविष्य में यदि कोई अधिकारी बिना उचित कारण अथवा पूर्व अनुमति के किसी महत्वपूर्ण बैठक से अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि उनके अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर बैठकों में उपस्थित रहें तथा बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन भी सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी, उत्तरदायी और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली स्थापित करना है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। प्रशासन में अनुशासन, समयपालन और जवाबदेही ही सुशासन की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। प्रत्येक अधिकारी को अपने दायित्वों का ईमानदारी, संवेदनशीलता और पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा। जिला प्रशासन जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को कतई स्वीकार नहीं करेगा तथा आवश्यक होने पर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

  बैठक में एडीसी अंकित चौकसे एसडीएम मनदीप कुमार एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप नैन नगराधीश टीनू पोसवाल डीडीपीओ राजेश शर्मा डीएसपी सतीश वत्स डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीईओ राकेश बूरा, सीएमओ विजय मलिक के अलावा विभिन्न विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply