पानीपत में कानूनी जागरूकता को लेकर पहल, अधिवक्ता निखिल चुघ ने MLA प्रमोद कुमार विज से की मुलाकात
BOL PANIPAT: समाज में कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिवक्ता निखिल चुघ ने पानीपत शहर के विधायक प्रमोद कुमार विज से मुलाकात की और इस दिशा में चल रहे प्रयासों पर चर्चा की।इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, विशेष रूप से एफआईआर, जमानत और पुलिस प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को सरल भाषा में उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी क्रम में उन्होंने अपनी पुस्तक “Legal Rights Every Citizen Must Know” विधायक को भेंट की, जो आम लोगों के लिए कानूनी जानकारी को सहज रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है।निखिल चुघ ने बताया कि उनका यह अभियान केवल प्रशासनिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि वे इसे समाज के हर वर्ग तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पानीपत के प्रत्येक स्कूल तक पहुंचकर विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर ही उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है, ताकि एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक समाज का निर्माण हो सके।उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में इस पहल को अन्य शहरों और राज्यों तक विस्तारित करने की योजना है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कानूनी जागरूकता पहुंचाई जा सके और नागरिक अपने अधिकारों का सही तरीके से उपयोग कर सकें।इस अवसर पर विधायक प्रमोद कुमार विज ने भी कानूनी जागरूकता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज को सशक्त बनाने में सहायक होते हैं और युवाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं।

Comments