सिवाह गांव में लगा समाशोधन संतृप्ति शिविर
-बीमा योजनाओं से लेकर डिजिटल जागरूकता तक, ग्रामीणों को मिली लाभकारी जानकारी
BOL PANIPAT , 16 सितंबर। पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय की ओर से सोमवार को गांव सिवाह में वित्तीय समाशोधन संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना और प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय रिज़र्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक विवेक श्रीवास्तव, महाप्रबंधक पंकज सेतिया और पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रबंधक ललित तनेजा उपस्थित रहे। इस अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख अभय कुमार सिंह, पानीपत अर्बन कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंध निदेशक विकास शर्मा, केनरा बैंक के मंडल प्रमुख प्रदीप झा, पंजाब सिंध बैंक के महाप्रबंधक मनोज कुमार, सर्व हरियाणा बैंक के महाप्रबंधक ओम प्रकाश, गांव सिवाह के सरपंच रणदीप आर्या, राजकीय विद्यालय के प्रिंसिपल सुरेंद्र और मंडल कार्यालय से हार्दिक आनंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
शिविर में री केवाईसी अभियान पर सीएफएल टीम के सीनियर मैनेजर विकास कुमार ने जानकारी साझा की। वहीं, पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सिवाह से प्रशिक्षित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई।
अंचल प्रबंधक ललित तनेजा ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना के लाभों पर प्रकाश डाला। वहीं, आरबीआई महाप्रबंधक पंकज सेतिया ने ग्रामीणों को डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया।
शिविर में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 350 और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही, डिजिटल धोखाधड़ी से संबंधित 5 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 2 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया और शेष को आरबीआई शिकायत प्रकोष्ठ को भेजा गया। मुख्य प्रबंधक श्याम प्रकाश किलसन ने सभी ग्रामीणों और उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Comments