Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 97 किसानों को मिले कृषि यंत्र

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 12, 2025 Tags: , , , ,

-एसडीएम मनदीप ने किया ऑनलाइन ड्रॉ का शुभारंभ

-पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान

BOL PANIPAT , 12 नवंबर। जिला सचिवालय सभागार में फसल अवशेष प्रबंधन योजना 2025-26 के अंतर्गत कृषि यंत्रों के ऑनलाइन ड्रॉ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडल अधिकारी डॉ. मनदीप ने की। ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से जिले के 97 किसानों को विभिन्न कृषि यंत्र आवंटित किए गए। इनमें सुपर सीडर, बेलर, कटर है रैक, जीरो टिल सीड ड्रिल, हैप्पी सीडर, पलटू हल, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, सुपर स्रूस् सिस्टम, मल्चर और स्मार्ट सीडर जैसे आधुनिक यंत्र शामिल हैं। इन यंत्रों का उद्देश्य फसल अवशेष (पराली) के सही प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण प्रदूषण को कम करना और मिट्टी की उर्वरता को बनाए रखना है।

  इस अवसर पर एसडीएम ने किसानों से अपील की कि वे सरकार द्वारा प्रदान किए गए इन कृषि यंत्रों का अधिकतम उपयोग करें ताकि पराली जलाने की समस्या समाप्त हो और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कृषि उत्पादकता में भी वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना और स्वच्छ पर्यावरण के साथ टिकाऊ कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना है।
एसडीएम ने कहा कि किसान यदि इन यंत्रों का नियमित उपयोग करें तो पराली से प्रदूषण की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और खेतों की उर्वरता में भी सुधार होगा। कार्यक्रम में अधिकारियों ने किसानों को योजना की शर्तों और यंत्रों के रख-रखाव से जुड़ी जानकारी भी दी। गौरतलब है कि यह पहल सरकार के स्वच्छ पर्यावरण व टिकाऊ कृषि के लक्ष्य की ओर एक सार्थक कदम है। कार्यक्रम में डॉ.उपमंडल कृषि अधिकारी डॉ.देवेंद्र, सहायक कृषि अभियंता डॉ. सुधीर कुमार, विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान डॉ. मोहित, एल.डी.एम. राज कुमार तथा कृषि विकास अधिकारी कृषि यंत्र डॉ. सोहन सिंह आदि उपस्थित रहे।

Comments