Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


आय बढ़ाने में पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना लाभकारी: डी.सी.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at May 11, 2022 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 11 मई । डी.सी. सुशील सारवान ने कहा कि पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड के तहत गाय , भैंस , भेड़ , बकरी , मुर्गी के रख रखाव के लिए 3 लाख रुपए तक का ऋण प्रदान किया जाता है ताकि पशुपालकों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाया जा सके । आजादी के अमृत महोत्सव के तहत छोटे किसानों की पशुपालन व अन्य संबद्ध क्षेत्रों से होने वाली आय को बढ़ाने के उद्देश्य से यह योजना क्रियान्वित की जा रही है ।

डी.सी. ने बताया कि पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड के तहत किसान अपने पशुओं की देखभाल के लिए होने वाले खर्च के लिए पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण ले सकता है । कोई भी पशुपालक 1 लाख 60 हजार रुपए तक की राशि की लिमिट तक का पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड बिना कोई जमीन गिरवी रखें या किसी प्रकार गारंटी नहीं देते हुए कोलैटरल सुरक्षा बनवा सकता है । यदि कोई पशुपालक इस राशि से अधिक लिमिट का पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना चाहता है तो उसे अपनी जमीन या कोई जमानत देना अनिवार्य होगा ।

उन्होंने बताया कि पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड धारक को सालाना 7 प्रतिशत साधारण ब्याज दर पर बैंक द्वारा ऋण दिया जाएगा । यदि कार्डधारक अपने ऋण का समय पर भुगतान करता है तो उसे केंद्र सरकार की तरफ से 3 प्रतिशत ब्याज दर का अनुदान दिया जाएगा तथा उस पशुपालक को यह ऋण केवल 4 प्रतिशत के हिसाब से चुकाना होगा । उन्होंने बताया कि 7 प्रतिशत ब्याज दर के हिसाब से अधिकतम 3 लाख रुपए तक की ऋण राशि पर केंद्र सरकार की ओर से 3 प्रतिशत ब्याज दर का अनुदान दिया जाएगा । कार्डधारक द्वारा ऋण की राशि जरूरत के अनुसार समय – समय पर ली जा सकती है और सुविधा अनुसार जमा करवाई जा सकती है ।

Comments