जल जीवन मिशन को लेकर लगाया गया जागरूकता शिविर
विद्यार्थियों को किया जल बचाओ को लेकर प्रेरित
BOL PANIPAT , 22 नवम्बर। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिक विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश कौशिक ने बताया कि जिले में आमजन को जल बचाव मिशन पर जागरूक किया जा रहा है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों सहित शैक्षणिक संस्थाओं में गोष्ठी, शिविर तथा रैली, श्लोग्नों के माध्यम से आमजन को पानी बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला में विभाग की टीम द्वारा मंगलवार को जल बचाओ मिशन को लेकर काबड़ी गांव के राजकीय स्कूल में जागरूकता शिविर लगाया गया। इस शिविर में स्कूल के छात्र एवं छात्राओं को विभाग की ओर से खण्ड संसाधन संयोजक रोशनलाल ने पानी के महत्व के बारे में बताया।
उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब युवाओं का यह नैतिक फर्ज बनता है कि हम अपने समाज में भी जल बचाव अभियान में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है, ऐसे श्लोग्नों के साथ समाज में एक नई चेतना जगानी होगी और पानी की बर्बादी को रोकना होगा। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने जल बचाव विषय पर गीत व शिविर में अपने विचार रखकर जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रणबीर सिंह जागलान, अध्यापक संदीप गोयल, विकास, पवन, अध्यापिका अनामिका नैन, सुमन आदि मौजूद रहे।

Comments